Patna News : दो ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिल कर महिला ने दवा दुकान में करायी थी लूट

सात मार्च को रात में अनिसाबाद के खोजा इमली स्थित दवा दुकान में लूटपाट अपने दो ब्वॉयफ्रेंड से एक शादीशुदा महिला ने करायी थी. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है.

संवाददाता, पटना : गर्दनीबाग थाने के अनिसाबाद के खोजा इमली स्थित दवा दुकान से सात मार्च की रात करीब 10:30 बजे सात हजार नकद व एक मोबाइल फोन की लूट के मामले का पटना पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया. इस घटना को एक शादीशुदा महिला ने अपने दो ब्वॉयफ्रेंड के साथ अंजाम दिया था. पुलिस ने महिला सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही घटना में प्रयुक्त महिला की स्कूटी, हथियार, मोबाइल फोन व कारतूस भी बरामद किये हैं. पकड़ी गयी महिला का नाम आशना राज है और यह शादीशुदा है. यह अपने पति व पांच साल की बेटी के साथ फुलवारीशरीफ के सब्जपुरा में रहती है और उसी इलाके में एक साइबर कैफे में कंप्यूटर ऑपरेटर है. महिला का पति एक गैस एजेंसी में काम करता है. इस मामले में गिरफ्तार रोहित व निखिल हैं. रोहित रामकृष्णा नगर में और निखिल मीठापुर में रहता है. पकड़े जाने के बाद आशना राज ने पुलिस को बताया कि उसने काफी कर्ज ले लिया था और लोग परेशान कर रहे थे. इसलिए दोस्तों के साथ मिल कर इस घटना को अंजाम दिया.

दुकान के बाहर स्कूटी पर थी महिला और उसके दोस्तों ने की थी लूटपाट

सात मार्च को महिला आशना खुद दोनों को स्कूटी पर बैठा कर दुकान के पास लायी थी. दुकान से करीब 250 मीटर दूर स्कूटी काे लगा दिया था. इस दौरान निखिल व रोहित ने हेलमेट लगा रखा था. इन दोनों ने कुछ दवाएं खरीदीं और फिर पिस्टल का भय दिखा कर लूटपाट कर भाग गये. उस समय दुकान में स्टाफ दीपक था, जबकि आशना दुकान के बाहर स्कूटी स्टार्ट कर खड़ी थी. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बाहर निकले, तो आशना ही उन्हें अपने साथ ले गयी. पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरे की जांच की, तो आशना की स्कूटी का नंबर हाथ लग गया. इसके साथ ही पुलिस ने रोहित व निखिल की पहचान करने के बाद छापेमारी की. इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. रोहित का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी है. सिटी एसपी मध्य स्वीटी सेहरावत ने महिला सहित तीन की गिरफ्तारी की पुष्टि की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >