RJD के स्थापना दिवस पर तेजस्वी यादव बोले- अंतिम सांस तक BJP और RSS से लड़ता रहूंगा

RJD Foundation Day: RJD के स्थापना दिवस समारोह में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने NDA सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि वह अंतिम सांस तक BJP और RSS से लड़ते रहेंगे. साथ ही सरकारी आवास विवाद पर जवाब देते हुए कहा कि वह सर्वेंट क्वार्टर में पैदा हुए हैं और दो कमरों में भी रहने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं है.

राजद के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मंच पर लालू यादव, तेजस्वी समेत सभी नेतागण

RJD Foundation Day: पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश कार्यालय में पार्टी का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. दोनों नेताओं ने संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और भाजपा व NDA सरकार पर जमकर निशाना साधा.

‘5 जुलाई को स्थापना दिवस, जिलों में भी होंगे कार्यक्रम’

तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस 5 जुलाई को है, लेकिन इस बार कार्यक्रम की शुरुआत पहले कर दी गई है. उन्होंने कहा कि चार दिनों तक जिला स्तर पर भी स्थापना दिवस के कार्यक्रम होंगे, ताकि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके.

‘लालू यादव सिर्फ नाम नहीं, एक विचारधारा हैं’

तेजस्वी यादव ने कहा कि 1997 में लालू प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना की थी. उन्होंने कहा कि लालू यादव सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं. उन्होंने कहा कि लालू यादव ने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया. उन्होंने गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की लड़ाई हमेशा लड़ी है.

‘जो लालू को गाली देगा, उसे BJP आगे बढ़ाएगी’

तेजस्वी ने कहा कि लालू यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में कई लोगों को सांसद और मंत्री बनाया. लेकिन आज वही लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज फैशन बन गया है कि जो लालू यादव को गाली देगा, उसे भाजपा आगे बढ़ा देगी.

‘बिहार सरकार दिल्ली से रिमोट कंट्रोल पर चल रही है’

तेजस्वी यादव ने NDA सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की सरकार दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य का खजाना खाली है. कर्मचारियों के वेतन और विकास योजनाओं के लिए पैसे नहीं हैं. विधायक निधि का पैसा भी रोक दिया गया है. उन्होंने कहा कि बेईमान अधिकारियों की वजह से भ्रष्टाचार बढ़ रहा है.

‘गरीबों के घर उजाड़े जा रहे हैं’

तेजस्वी ने कहा कि राज्य में गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है. सरकार जनता की समस्याओं से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है.

सरकारी आवास विवाद पर भी दिया जवाब

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें परिवार के कई सदस्यों को सरकारी आवास मिलने का मुद्दा उठाया गया था. उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी कहते हैं कि बेटा को घर चाहिए. अगर हमारे माता-पिता मुख्यमंत्री और दूसरे संवैधानिक पदों पर रहे हैं, तो नियम के अनुसार आवास मिलेगा. इसमें राजनीति क्यों की जा रही है?

उन्होंने आगे कहा कि दूसरे नेताओं के परिवारों को भी सरकारी आवास मिले हैं. चिराग पासवान के परिवार में भी कई लोगों को घर मिला है. जीतन राम मांझी के परिवार को भी मिला है. उपेंद्र कुशवाहा के परिवार के लोगों को भी सरकारी आवास मिला है. यहां तक कि जिन लोगों को आवास रखने का अधिकार नहीं है, उनके पास भी सरकारी घर हैं.

‘सुरक्षा नहीं, जनता का भरोसा चाहिए’

तेजस्वी ने कहा कि सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सुरक्षा का विषय उठा रही है. उन्होंने कहा कि हमें सुरक्षा नहीं चाहिए. मैं सर्वेंट क्वार्टर में पैदा हुआ हूं. आज भी लालू जी दो कमरों में रहते हैं. हम दो कमरों में भी रह सकते हैं. हमें इससे कोई परेशानी नहीं है. लोग अभी हमें पूरी तरह समझ नहीं पाए हैं.

‘सीट को लेकर झगड़ा किया तो होगी कार्रवाई’

तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी में टिकट या सीट को लेकर कोई विवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अगर स्थापना दिवस के दौरान या चुनाव से पहले कोई सीट को लेकर झगड़ा करेगा या गुटबाजी करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. हम सब एक परिवार हैं और संगठन सबसे ऊपर है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

‘भीड़ नहीं, संगठन मजबूत करना होगा’

तेजस्वी ने कहा कि सिर्फ बड़ी भीड़ जुटाने से चुनाव नहीं जीते जाते. बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना जरूरी है. उन्होंने आगे कहा कि अकेले तेजस्वी के निकलने से कुछ नहीं होगा. मंच पर बैठे हर नेता और कार्यकर्ता को मेहनत करनी होगी. तभी सरकार बनेगी. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने पर सभी कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलेगा, लेकिन इसके लिए धैर्य और अनुशासन जरूरी है.

रिशु श्री मामले का भी उठाया मुद्दा

अपने भाषण में तेजस्वी यादव ने कथित रिशु श्री घोटाले का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये के घोटाले की बात सामने आने के बावजूद अब तक किसी अधिकारी या मंत्री की गिरफ्तारी नहीं हुई. उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में गंभीर नहीं है और बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है.

‘अंतिम सांस तक BJP और RSS से लड़ूंगा’

तेजस्वी यादव ने कहा कि वह अंतिम सांस तक भाजपा और RSS की विचारधारा के खिलाफ लड़ते रहेंगे. उन्होंने कहा कि सत्ता हमेशा किसी के पास नहीं रहती. समय बदलता है. इसलिए कार्यकर्ताओं को ईमानदारी से पार्टी के लिए काम करना चाहिए. आज भी बिहार की सबसे बड़ी पार्टी RJD है और संगठन की ताकत ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है.

लालू यादव ने दिया संघर्ष का संदेश

इससे पहले लालू प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम लड़े हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल हमेशा गरीबों, वंचितों और पिछड़े समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील की.

Also Read: RJD के स्थापना दिवस पर बोले लालू यादव – ‘हम लड़े हैं, आगे भी लड़ते रहेंगे…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >