2025 का साल बिहार के नव निर्माण की नींव रखने वाला होगा : तेजस्वी
संवाददाता,पटना
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहारवासियों को पत्र लिख कर कहा है कि साल 2025 का नाम एक ऐसे वर्ष के रूप में याद किया जायेगा, जिसने बदलाव एवं नए बिहार के नवनिर्माण की नींव रखी है. ये बिहार के सुनहरे सपनों को सच करने वाला साल है.
पत्र में लिखा है कि बिहार का हर वर्ग शपथ ले चुका है कि बीस साल से चली आ रही राजनीतिक अस्थिरता, आर्थिक बदहाली, अनियंत्रित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अराजकता को अब मिटाना है. बिहार को तरक्की के एक नये रास्ते पर ले जाना है.तेजस्वी ने पत्र में लिखा है कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि बिहार को उस मुकाम पर ले जाकर खड़ा किया जायेगा, जहां से तरक्की का सूरज और उन्नति का आसमान करीब नजर आयेगा. लिखा है कि इस साल जनता की सरकार आने पर स्मार्ट मीटर हटा दिया जायेगा. हर घर में 200 यूनिट फ्री बिजली दी जायेगी. इस तरह उन्होंने राजद की तरफ से घोषित योजनाओं को धरातल पर उतारने की बात कही. तेजस्वी ने पत्र में लिखा है कि हम बिहार को कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास में नंबर वन बनाने का लक्ष्य ले कर चल रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
