पेंशन और वेतन में देरी से शिक्षक नाराज, होली से पहले भुगतान की मांग

होली जैसे प्रमुख त्योहार से पहले पेंशन और वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त और कार्यरत शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

संवाददाता, पटना होली जैसे प्रमुख त्योहार से पहले पेंशन और वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त और कार्यरत शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने कहा है कि पिछले दो माह से पेंशन धारियों को भुगतान नहीं हुआ है. जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. संघ ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द से जल्द बकाया राशि जारी करने की मांग की है. इस संबंध में रविवार को संघ के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सेवानिवृत्त शिक्षकों की एक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में बताया गया कि जनवरी माह की पेंशन अब तक नहीं मिली है वहीं नियमित शिक्षकों के वेतन भुगतान को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुयी है. संघ का कहना है कि त्योहार के समय भुगतान में देरी से शिक्षकों और उनके परिवारों की परेशानी बढ़ गयी है. संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मुद्दे पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव और संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गयी लेकिन स्पष्ट समाधान नहीं मिल सका. कुलसचिव ने जहां पेंशन राशि उपलब्ध नहीं होने की बात कही वहीं वित्तीय स्तर पर पत्राचार का हवाला दिया गया. संघ ने मांग की है कि पेंशन और फरवरी माह का वेतन अगले चार दिनों के अंदर जारी किया जाये ताकि शिक्षक सम्मानपूर्वक होली मना सकें. बैठक में यह भी बताया गया कि जुलाई 2020 से 2022 तक के डीए एरियर का भुगतान अब तक लंबित है. जिसमें 34 से 50 प्रतिशत डीए अंतर की राशि शामिल है. इसके अलावा कुछ सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन निर्धारण से जुड़े मामले भी कोषांग में लंबित पड़े हैं जिससे असंतोष बढ़ रहा है. संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो शिक्षकों का आक्रोश और तेज होगा. बैठक में कई वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे और सरकार से शीघ्र सकारात्मक पहल की अपील की गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DURGESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >