Teacher Murder Case : मसौढ़ी नगर के कैलूचक में शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी की धारदार हथियार से हुई हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है. परिजनों की ओर से अब तक पुलिस को लिखित शिकायत भी नहीं दी गयी है. हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की बात सामने आ रही है, लेकिन अधिकारी फिलहाल इसका खुलासा करने से बच रहे हैं. पुलिस का दावा है कि एक-दो दिनों के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा.
बंद मकान में कैसे पहुंचा हत्यारा?
हत्याकांड में सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि बंद तीन मंजिले मकान में हत्यारा या हत्यारे प्रवेश कैसे किए और वारदात को अंजाम देने के बाद बाहर कैसे निकले? बताया जा रहा है कि मकान के सभी हिस्सों में ताले लगे हुए थे. ऐसे में बिना किसी ताले के टूटे घर के अंदर प्रवेश करना और हत्या के बाद सुरक्षित बाहर निकल जाना पुलिस के लिए भी बड़ी पहेली बना हुआ है.
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लगातार खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय मकान के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे और संदिग्ध गतिविधियां तो नहीं हुईं. पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जल्द ही हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी.
इसे भी पढ़ें : पटना में इंजीनियर की टीचर वाइफ का मिला डेड बॉडी, मकान में बाहर से लगा था ताला
