पटना जिले के बिक्रम से रवि प्रकाश की रिपोर्ट
पटना जिले के बिक्रम नगर पंचायत क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की तार चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. आरोप है कि सूखा नशा करने वाले गिरोह के सदस्य रात के अंधेरे में बिजली के खंभों पर चढ़कर स्ट्रीट लाइट की तार काट ले जा रहे हैं. इससे कई मोहल्लों की सड़कें अंधेरे में डूब गई हैं और लोगों को आवागमन के साथ सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने बताई लगातार हो रही घटनाएं
डोमिनिया पुल निवासी कुणाल कुमार और पंकज मिस्त्री ने बताया कि रविवार की रात कुछ लोग उनके घर के सर्विस तार के पास लगी स्ट्रीट लाइट की तार काट रहे थे. स्थानीय लोगों के जागने पर आरोपी मौके से फरार हो गए. उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन शिकायत दर्ज कराने की कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.
अंधेरे से बढ़ा चोरी और दुर्घटना का खतरा
ग्रामीणों ने नगर पंचायत अध्यक्ष मनीता कुमारी से मौखिक शिकायत कर जल्द कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि स्ट्रीट लाइट बंद रहने से रात के समय चोरी, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ गई है. लोगों ने नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है.
नगर पंचायत ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
नगर पंचायत अध्यक्ष मनीता कुमारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित मिस्त्री को भेजकर खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि अज्ञात लोगों द्वारा तार काटे जाने की घटनाएं गंभीर हैं. इस मामले में स्थानीय पुलिस से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है. साथ ही नगर पंचायत ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस और नगर पंचायत को देने की अपील की है.
