Mirzapur Movie: मशहूर वेब सीरीज मिरजापुर अब बड़े पर्दे पर धूम मचाने के लिए तैयार है. फिल्म ‘मिरजापुर: द मूवी’ में बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान भी मुमताज बीबी का किरदार निभाती नजर आएंगी. मुंबई में आयोजित फिल्म के एल्बम लॉन्च इवेंट के दौरान सोनल ने इस गैंगस्टर ड्रामा का हिस्सा बनने का अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि इस दुनिया में एंट्री करने से पहले वह काफी रोमांचित थीं, लेकिन साथ ही थोड़ी घबराई हुई भी थीं. क्योंकि, नए किरदार के रूप में जुड़ना व अपनी पहचान बनाना थोड़ा तनावपूर्ण था.
आइकॉनिक किरदारों के बीच जगह बनाना चुनौतीपूर्ण था
सोनल ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि वह ‘मिरजापुर: द मूवी’ का हिस्सा बनने जा रही हैं, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. हालांकि, इसके साथ ही यह काफी चुनौतीपूर्ण और डरावना अनुभव भी था. सोनल कहती हैं कि, इस सीरीज के किरदारों ने पहले से ही दर्शकों के दिलों में अपनी एक खास जगह बनाई हुई है और वह खुद भी इस शो की एक प्रशंसक रही हैं.
भीषण ठंड में तीन दिनों तक हुई ‘घूम घूम’ गाने की शूटिंग
फिल्म के नए गाने घूम घूम की शूटिंग को याद करते हुए सोनल ने बताया कि यह सफर बेहद मजेदार होने के साथ-साथ काफी मुश्किल भरा भी था. गाने की शूटिंग के दौरान मौसम बहुत ठंडा और परिस्थितियां काफी कठिन थीं. लगातार तीन दिनों तक प्रतिकूल मौसम में काम करना आसान नहीं था, लेकिन सेट पर मौजूद दिग्गज और सहयोगी कलाकारों के साथ ने इस मुश्किल काम को भी खुशनुमा बना दिया. गाने में उनके साथ भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन भी अपने ट्रेडमार्क स्वैग और ग्लैमरस अंदाज में नजर आ रहे हैं.
चार सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
निर्देशक गुरमीत सिंह व लेखक पुनीत कृष्णा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 सितंबर को हिंदी व होगी. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, अभिषेक बनर्जी, श्वेता त्रिपाठी, रवि किशन व जितेंद्र कुमार जैसे कई दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. सोनल ने उम्मीद जताई कि जिस मेहनत और लगन से यह गाना तैयार किया गया है, दर्शक इसे बेहद पसंद करेंगे और उनके मुमताज बीबी के नए अवतार को दिल से स्वीकार करेंगे.
