बिहार के सभी सड़कों पर लगेगा नजदीक के अस्पताल का साइनेज, दुर्घटना के बाद हॉस्पिटल पहुंचने में मिलेगी मदद

परिवहन मंत्री शीला कुमारी ने कहा कि हाइवे पर स्पीड लिमिट और अन्य सड़क सुरक्षा संकेतों संबंधित साइनेज पर्याप्त संख्या में लगाया जाये. इसको लेकर संबंधित विभाग के साथ मिलकर वैसे सड़कों को चिन्हित करें जहां अभी भी साइनेज नहीं है.

पटना में गुरुवार को बिहार सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक हुई, जहां परिवहन मंत्री शीला कुमारी ने कहा कि बिहार में सड़कों की लंबाई-चौड़ाई में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. सड़कें बेहतर होने के कारण गाड़ियों की स्पीड में भी बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में जरूरी है कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मौत नहीं हो. इस दिशा में हमें और प्रयास करना चाहिए. दुर्घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके. इसके लिए सभी एनएच, एसएच, ग्रामीण सड़क और शहरी सड़कों पर नजदीक के अस्पताल से संबंधित साइनेज लगाया जायेगा जिसमें साइनेज से अस्पताल की दूरी के बारे में बोर्ड पर ही लिखा जाये.

साइनेज लगाने का निर्देश 

परिवहन मंत्री शीला कुमारी ने कहा कि हाइवे पर स्पीड लिमिट और अन्य सड़क सुरक्षा संकेतों संबंधित साइनेज पर्याप्त संख्या में लगाया जाये. इसको लेकर संबंधित विभाग के साथ मिलकर वैसे सड़कों को चिन्हित करें जहां अभी भी साइनेज नहीं है. बैठक में सभी अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिया गया.

कमियों को दुरुस्त करने का निर्देश

मंत्री ने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों की एक-एक कर समीक्षा की और कमियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि सड़कों पर दुर्घटनाओं को कम किया जा सकें. राज्य परिवहन आयुक्त सीमा त्रिपाठी ने कहा कि सड़क दुर्घटना एवं मृतकों की संख्या में कमी लायी जा सके. इसके लिए बिहार सड़क सुरक्षा परिषद द्वारा सभी विभाग के सहयोग से काम हो रहा है.

मौके पर आइजी ट्रैफिक एमआर नायक, विशेष सचिव सन्नी सिन्हा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय पदाधिकारी प्रदीप लाल, एनएचआइ के प्रतिनिधि, उपसचिव, परिवहन विभाग शैलेंद्रनाथ, विशेष कार्य पदाधिकारी आजीव वत्सराज, ट्रैफिक एसपी अनिल कुमार सहित पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे.

यह काम नियमित किया जाये

  • ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक रूप में जागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार करें. त्योहारों एवं मेले के दौरान सड़क सुरक्षा संबंधित प्रचार- प्रसार तेजी से करें.

  • हेलमेट, सीट बेल्ट पुलिस और फाइन से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए लगाएं. सदैव अच्छी गुणवत्ता का हेलमेट पहनें. इसको लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >