14 अप्रैल को पटना पहुंचेंगे शिवराज सिंह चौहान, नए सीएम पर करेंगे फैसला, बीजेपी ने दी जिम्मेदारी

Bihar Next CM: बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाकर बड़ा संकेत दिया है. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद अब अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर सबकी नजर टिकी है.

Bihar Next CM: बिहार की राजनीति इस समय बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा. इस फैसले के लिए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है. अब वही बिहार में बीजेपी विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे.

जिम्मेदारी मिलने पर क्या बोले चौहान

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि पार्टी संसदीय बोर्ड ने शिवराज सिंह चौहान को यह जिम्मेदारी सौंपी है. इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह खुद को पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता मानते हैं और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देती है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाना उनका कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि वह 14 अप्रैल को बिहार पहुंचेंगे और पार्टी की प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे.

क्या बोले विजय चौधरी

बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी साफ संकेत दिया है कि अब मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला बीजेपी को करना है. उन्होंने कहा कि बीजेपी जिस नाम की अनुशंसा करेगी, उसी के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी. उस बैठक में सभी विधायक मिलकर अपने नेता का चुनाव करेंगे. यानी साफ है कि अब बिहार का अगला मुख्यमंत्री तय करने की गेंद पूरी तरह बीजेपी के पाले में है.

हाल ही में राज्यसभा सदस्य बने हैं नीतीश कुमार

इस बीच नीतीश कुमार का राज्यसभा सदस्य बनना बिहार की राजनीति में ऐतिहासिक मोड़ माना जा रहा है. हाल ही में उन्होंने नई दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली. उन्हें उपराष्ट्रपति और राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने शपथ दिलाई. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण, जयराम रमेश समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे. राज्यसभा जाने से पहले नीतीश कुमार ने 30 मार्च को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

14 अप्रैल पर सबकी नजरें

करीब 20 साल तक बिहार की सत्ता संभालने वाले नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने जा रहे हैं. उनके राज्यसभा पहुंचने के साथ बिहार में नेतृत्व परिवर्तन लगभग तय माना जा रहा है. अब सबकी नजर 14 अप्रैल पर टिकी है, जब शिवराज सिंह चौहान बिहार पहुंचेंगे और नए मुख्यमंत्री के नाम पर तस्वीर साफ होगी.

इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार के खून-पसीने से बनी है जेडीयू, संजय झा बोले- आगे भी पार्टी को करेंगे मजबूत

पटना से पूर्णिया सिर्फ 3 घंटे में पहुंचेंगे, बिहार के पहले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का काम हुआ तेज, देखें लेटेस्ट अपडेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >