Patna Traffic Jam : राजधानी पटना में सोमवार दोपहर अचानक हुई बारिश के बाद गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में भीषण ट्रैफिक जाम लग गया. बारिश बंद होने के तुरंत बाद स्कूलों की छुट्टी का समय होने से स्थिति और गंभीर हो गयी. गांधी मैदान की ओर जाने वाली प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और कई जगह यातायात की रफ्तार बेहद धीमी हो गयी.
बारिश के कारण सड़कों पर जगह-जगह हल्का जलजमाव हो गया था. इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. इसी दौरान स्कूलों की छुट्टी होने से बड़ी संख्या में स्कूल बसें, ऑटो और निजी वाहन सड़कों पर आ गये, जिससे जाम और बढ़ गया.
स्कूली बच्चों और अभिभावकों को हुई परेशानी
जाम में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को उठानी पड़ी. स्कूल बसों और निजी वाहनों के जाम में फंसने के कारण बच्चों को काफी देर तक रास्ते में रहना पड़ा. वहीं आम राहगीरों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई.
यातायात सामान्य कराने में जुटी रही पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार गांधी मैदान इलाके में स्कूलों की छुट्टी के समय अक्सर जाम की स्थिति बनती है. सोमवार को बारिश के कारण समस्या और गंभीर हो गयी. सूचना के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी यातायात को सामान्य कराने में जुटे रहे. पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर वाहनों को नियंत्रित करते नजर आये, लेकिन वाहनों की अत्यधिक संख्या के कारण जाम हटाने में काफी समय लगा.
