Patna News: जिले के मसौढ़ी अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार को स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेने के लिए एसडीओ धनराज कुमार ने औचक निरीक्षण किया. उनके साथ पीजीआरओ सोनाली भी मौजूद थीं. निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने अस्पताल के ओपीडी, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र और परिसर की अन्य व्यवस्थाओं की गहन जांच की. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत भी जानी.
रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की उपस्थिति अनिवार्य, लापरवाही पर होगी सख्ती
अस्पताल में ड्यूटी में कोताही बरतने वाले चिकित्सकों को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. एसडीओ ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने उपाधीक्षक को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी डॉक्टर निर्धारित रोस्टर के अनुसार अनिवार्य रूप से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें, ताकि दूर-दराज से आने वाले मरीजों को समय पर सही इलाज मिल सके.
भवन मरम्मत, साफ-सफाई और सुरक्षा के लिए CCTV बढ़ाने के निर्देश
अस्पताल की चरमराई बुनियादी व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए एसडीओ ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाने को कहा है. उन्होंने उपाधीक्षक को अस्पताल भवन की तत्काल मरम्मत व रंग-रोगन कराने, परिसर की नियमित साफ-सफाई, शौचालय और नाले की मरम्मत के साथ-साथ बिजली व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने का निर्देश दिया. इसके अलावा, मरीजों और कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और मुख्य सड़क से अस्पताल तक दिशा-सूचक बोर्ड (साइनेज) लगाने को भी कहा गया है.
तीन विभागों से होगी जांच, SDO ने कहा- 'शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करें'
अस्पताल की सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों को परखने के लिए एसडीओ ने अंतर-विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं. इस संबंध में सख्त निर्देश देते हुए एसडीओ धनराज कुमार ने कहा, "अस्पताल भवन की वर्तमान स्थिति की जांच भवन निर्माण विभाग से, बिजली व्यवस्था की तकनीकी जांच विद्युत विभाग से तथा अग्नि सुरक्षा मानकों की गहन जांच फायर विभाग से अविलंब कराई जाए. अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिए दिए गए इन सभी निर्देशों का शीघ्र और सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए."
