Samuhik Vivah News : (आनंद तिवारी की रिपोर्ट) मां वैष्णो देवी सेवा समिति की ओर से लगातार 14वें वर्ष सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष यह भव्य कार्यक्रम 21 जून को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में आयोजित होगा, जिसमें 51 युवक-युवतियां वैवाहिक जीवन में प्रवेश करेंगे. यह आयोजन सामाजिक समरसता और दहेज-मुक्त विवाह को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. इस आयोजन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि होंगें.
14 दिव्यांग जोड़े भी होंगे विवाह समारोह का हिस्सा
कार्यक्रम के संयोजक कन्हैया अग्रवाल ‘कन्नू’ ने बताया कि विवाह करने वाले 51 जोड़ों में 14 दिव्यांग जोड़े भी शामिल हैं. इनमें 4 दृष्टिबाधित, 2 मूक-बधिर तथा 8 अन्य दिव्यांग जोड़े शामिल हैं. उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन का अवसर उपलब्ध कराना है.
मैथिली ठाकुर और रितिका राज करेंगी विशेष सहभागिता
समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश अमिताभ ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल होंगे. वहीं प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर तथा गायिका रितिका राज की विशेष उपस्थिति रहेगी. दोनों कलाकार थैलेसीमिया को मात देने वाले बच्चों को सम्मानित भी करेंगी.
छह विशिष्ट हस्तियों को मिलेगा सेवा सम्मान
समारोह के दौरान मां वैष्णो देवी सेवा सम्मान से छह विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा. सम्मान प्राप्त करने वालों में पत्रकार महिमा सिंह, अनुपम कृष्ण दास, समाजसेवी मृत्युंजय तिवारी, स्पोर्ट्स बिजनेस विशेषज्ञ नीरज झा, फिल्म कलाकार बूल्लू कुमार तथा सुप्रिय प्रसाद शामिल हैं.
नवविवाहित जोड़ों को दिए जाएंगे गृहस्थी के उपहार
समिति के सचिव संजय तोतला ने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी. सह-संयोजक जितेंद्र कुमार ‘जित्तू’ ने बताया कि सभी 51 जोड़ों को 21 जून की सुबह से महाराणा प्रताप भवन में ठहराया जाएगा, जहां विवाह पूर्व की सभी पारंपरिक रस्में संपन्न होंगी.
51 घोड़ों पर निकलेगी भव्य बारात
एमपी जैन ने बताया कि प्रत्येक जोड़े के साथ वर और वधू पक्ष से 10-10 बारातियों के रहने की व्यवस्था की गई है. शाम 4 बजे महाराणा प्रताप भवन से 51 घोड़ों पर सवार 51 दूल्हों की भव्य बारात निकलेगी, जो श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल पहुंचेगी.
51 मंडपों में वैदिक रीति से संपन्न होंगे विवाह संस्कार
कोषाध्यक्ष प्रकाश कुमार अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल परिसर में 51 मंडप सजाए जाएंगे. यहां वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संस्कार संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सामग्री और आचार्य उपलब्ध रहेंगे. विवाह से पूर्व सभी जोड़ों का जयमाल समारोह मुख्य हॉल में आयोजित किया जाएगा. समारोह में शामिल अतिथियों और नवविवाहित जोड़ों के लिए रात्रि भोज की भी विशेष व्यवस्था की गई है.
इसे भी पढ़ें : असम में शहीद वायुसेना अधिकारी शुभम कुमार के मुआवजे पर पिता ने उठाया सवाल, बोले- माता-पिता के अधिकारों की भी हो रक्षा
