काशी विश्वनाथ की तर्ज पर सोनपुर में बनेगा हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर, सम्राट कैबिनेट ने दी मंजूरी

Samrat Cabinet Decision: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहली कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है. सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर कुल 680 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

Samrat Cabinet Decision: बिहार में नई सरकार बनने के बाद बुधवार (22 अप्रैल) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहली कैबिनेट बैठक हुई. इस बैठक में कुल 22 एजेंडों पर मुहर लगी. इस कैबिनेट बैठक में सबसे बड़ा फैसला बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास को लेकर लिया गया है. सरकार ने मंदिर क्षेत्र को वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की मंजूरी दी है.

इस परियोजना पर करीब 680 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इससे न सिर्फ मंदिर का धार्मिक महत्व और बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी. सरकार का मानना है कि इस कॉरिडोर के बनने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.

तारापुर में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

इसके साथ ही मुंगेर जिले के तारापुर में भी धार्मिक और पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने का फैसला लिया गया है. इसके लिए कृषि विभाग की 15 एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को मुफ्त में दी जाएगी. राज्य में 11 नए ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनाने की भी मंजूरी दी गई है. इसके साथ ही आईआईटी पटना में रिसर्च पार्क के लिए 305 करोड़ रुपये और इन्क्यूबेशन सेंटर के लिए 39.01 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.

महिला पुलिस और सुरक्षा पर बड़ा फैसला

सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और 3200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल देने की मंजूरी दी है. इस योजना पर कुल 66.75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

रोजगार और तकनीकी शिक्षा पर जोर

प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत बिहार के 75 आईटीआई संस्थानों को मॉडर्न ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा. इस पर 3615 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे.

इस पहली कैबिनेट बैठक में कुल 22 एजेंडों को मंजूरी दी गई. हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा बाबा हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर परियोजना को लेकर हो रही है, जिसे बिहार के धार्मिक और पर्यटन विकास के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है.

Also Read: सम्राट कैबिनेट की पहली बैठक में 22 एजंडों पर मुहर, बिहार में बनेंगे 11 नए ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >