Anant Singh On Pappu Yadav: बिहार की राजनीति में इन दिनों महिलाओं को लेकर दिए गए एक बयान ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव अपने बयान पर अड़े हुए हैं, जबकि मोकामा विधायक अनंत सिंह ने उन्हें घेरते हुए तीखा पलटवार किया है. इस पूरे मामले ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है.
‘मैंने कुछ गलत नहीं कहा’- पप्पू यादव
दरअसल, पप्पू यादव ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि महिलाओं की राजनीति में एंट्री बिना समझौते के आसान नहीं होती. इस बयान को लेकर विरोध शुरू हुआ, लेकिन बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने साफ कर दिया कि वे अपने शब्दों से पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि उन्होंने वही कहा जो समाज में हो रहा है और यह कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं थी. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि समाज में महिलाओं को देवी का दर्जा तो दिया गया, लेकिन असल सम्मान आज भी नहीं मिला है और उनके साथ शोषण जारी है.
महिला आयोग के नोटिस पर तीखी प्रतिक्रिया
महिला आयोग द्वारा भेजे गए नोटिस पर भी पप्पू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उन्होंने उस नोटिस को रद्दी की टोकरी में फेंक दिया है. उनके इस बयान ने विवाद को और तेज कर दिया है और इस पर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
अनंत सिंह का पलटवार, निजी सवाल से घेरा
इस बयान पर मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पप्पू यादव पागल हो गया है. जब सांसद 90 प्रतिशत महिलाओं पर इस तरह का आरोप लगा रहे हैं, तो उन्हें पहले अपने घर से जवाब लेना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि वे बताएं कि पहले उनकी पत्नी कहां है. दूसरी महिलाओं पर आरोप लगाने से पहले पप्पू यादव अपनी पत्नी से तो पूछे कि वह कैसे राजनीति में गई थी.
निशांत कुमार के दौरे पर क्या बोले अनंत सिंह
अनंत सिंह ने निशांत कुमार के बिहार दौरे को सही बताते हुए कहा कि जो नेता मैदान में उतरता है, वही असल स्थिति को समझ पाता है. उनके मुताबिक, घूमने से ही पता चलता है कि कहां क्या काम करना है. वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी उन्होंने हमला बोला. अनंत सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वे सिर्फ बेवजह की बातें कर रहे हैं.
श्रवण कुमार को बताया मेहनती नेता
जदयू में श्रवण कुमार को विधायक दल का नेता चुने जाने पर उन्होंने समर्थन जताया. अनंत सिंह ने कहा कि श्रवण कुमार पार्टी के पुराने और मेहनती नेता हैं और उनके नेतृत्व में संगठन आगे बढ़ेगा.
अपराध और एनकाउंटर पर बयान
अपराध के मुद्दे पर भी अनंत सिंह ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि जो लोग गलत काम करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होना तय है. उनके मुताबिक, अगर लोग सुधर जाएं तो एनकाउंटर की जरूरत ही नहीं पड़ेगी. उन्होंने यह भी कहा कि आजकल कम उम्र के बच्चे भी गलत रास्ते पर जा रहे हैं, जो चिंता का विषय है.
