राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मंगलवार को बिहटा के गुलटेरा बाजार स्थित एक संस्थान परिसर में RSS Youth Dialogue Bihta कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में युवाओं में स्व का बोध, नागरिक कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई.
युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित भारत
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आरएसएस के उत्तर-पूर्व क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके युवा हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को स्वदेशी संस्कार और सकारात्मक कार्यों से जोड़कर ही भारत को परम वैभवशाली बनाया जा सकता है. उन्होंने विदेशी वस्तुओं को श्रेष्ठ मानने की मानसिकता छोड़कर स्वदेशी उत्पादों और भारतीय प्रतिभा पर विश्वास करने का आह्वान किया.
ऑपरेशन सिंदूर और स्वदेशी तकनीक का किया उल्लेख
मोहन सिंह ने कहा कि आज भारत अंतरिक्ष, विज्ञान, खेल और रक्षा जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है. स्वदेशी तकनीक से रॉकेट निर्माण, हाइड्रोजन ट्रेन और ऑपरेशन सिंदूर जैसे उदाहरण देश की बढ़ती क्षमता को दर्शाते हैं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि उसका हर कार्य देश के सम्मान और मर्यादा को बढ़ाने वाला हो.
दैनिक जीवन में भी निभाएं राष्ट्र सेवा का दायित्व
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना, ईमानदारी से पढ़ाई करना, जरूरतमंदों की सहायता करना, सामाजिक कार्यों में भाग लेना और कानून का पालन करना भी राष्ट्र सेवा का हिस्सा है. उन्होंने युवाओं से स्वदेशी अपनाने और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील की.
शिक्षा और संस्कार से तैयार होंगे जिम्मेदार युवा
कार्यक्रम के दौरान संस्थान का उद्घाटन भी किया गया. आईआईटी पटना के प्रो. (डॉ.) राजीव झा ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए पूरी ईमानदारी और लगन से पढ़ाई करना ही सबसे बड़ी देश सेवा है. वहीं एनआईटी पटना के प्रो. (डॉ.) मानपुरन महतो ने युवाओं से अपने प्रत्येक कार्य में राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की अपील की.
संस्थान ने बेहतर शिक्षा और राष्ट्र प्रेम का दिया संदेश
संस्थान के निदेशक ओम शेखर ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ राष्ट्र प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से जोड़ना है. कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नेता एवं स्वयंसेवक आनंद मिश्रा ने किया. इस अवसर पर गंगा समग्र के प्रांत संयोजक शंभू पांडेय, विभाग सह कार्यवाह अभिमन्यु शर्मा, शारीरिक प्रमुख संजीव कुमार, रत्नेश्वर मिश्र, भाजपा नेता अजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह, सुनील जी, आशुतोष जी, चित्रांश अभिनीश, मनोज कुमार, संतोष सर, डॉ. कनिष्का, दीपक जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. धन्यवाद ज्ञापन इंजीनियर सौरभ ने किया.
