Bihar News: पटना के फतुहा में दो वाहनों की भीषण टक्कर, ऑटो में सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत

पटना के फतुहा में एक दो वाहनों की भीषण टक्कर में ऑटो पर सवार दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गयीृ. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद लेकर शवों को निकाला गया.

राजधानी पटना में एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी. घटना फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन की है. एक अज्ञात वाहन की टक्कर ऑटो से हुई जिसमें ऑटो में सवार दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गयी. टक्कर कितनी जोरदार हुई होगी इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ऑटो के परखच्चे उड़ गये हैं. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फंसे हुए लोगों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया.

इस घटना की जानकारी रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों से सामने आयी. जब उन्होंने देखा कि एक ऑटो बुरी तरह दुर्घटना का शिकार हुआ है तो इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में एक्शन लिया.

पुलिस की पहल पर क्रेन मंगाया गया और ऑटो में फंसे दो लोगों को बाहर निकाला गया. दोनों को आनन-फानन में फतुहा पीएचसी भेजा गया लेकिन यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

मृतकों के पास से पहचान पत्र मिले जिससे एक मृतक की पहचान हो सकी. दो मृतकों में एक दानापुर के नासरीगंज निवासी पिंटू कुमार बताए जा रहे हैं जबकि दूसरे मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है.बताया जाता है कि ऑटो सवार खुसरूपुर से पटना की ओर आ रहे थे. वहीं नियाज़ीपुर के समीप फोरलेन पर किसी वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >