Road Accident: पिता गए थे कुंभ नहाने, बेटी को नगर निगम के हाइवा ने रौंदा, दर्दनाक मौत के बाद मां हुई बेहोश

Road Accident: नगर निगम के हाइवा ने स्कूटी सवार सिमेज की छात्रा को रौंद दिया, जिससे छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हाइवा में आग लगा दी.

Road Accident: पटना कंकड़बाग थाना क्षेत्र के बाइपास पर तेज रफ्तार नगर निगम के हाइवा ने स्कूटी सवार 19 वर्षीय छात्रा को रौंद दिया. घटना के बाद हाइवा का ड्राइवर मौके से फरार हो गया. सड़क पर तड़प रही युवती को आनन-फानन में लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मृतका की पहचान मूल रूप से कादिरगंज थाना क्षेत्र के देवा गांव निवासी पंकज कुमार की बेटी आस्था के रूप में हुई है. वहीं वर्तमान में अपने परिवार के साथ ट्रांसपोर्ट नगर स्थित किराये के घर में रहती थी. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर कंकड़बाग थाना और रामकृष्ण नगर थाना की पुलिस पहुंच गयी. वहीं ट्रैफिक थाना की पुलिस ने पहुंचकर स्कूटी को जब्त कर लिया.

कंकड़बाग थाना क्षेत्र के बाइपास की घटना

जानकारी के अनुसार इस सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. आक्रोशित लोगों ने हाइवा में आग भी लगा दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत आग को बुझाकर आक्रोशितों की भीड़ को वहां से हटाया. दरअसल छात्रा हर दिन की तरह स्कूटी से हेलमेट लगा कर ट्रांसपोर्ट नगर अपने घर से पाटलिपुत्र सिमेज कॉलेज जाने के लिए निकली. इसी दौरान कंकड़बाग थाना क्षेत्र के बाइपास के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी को पीछे से रौंद दिया. धक्का इतना जबरदस्त था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गये. लोगों ने बताया कि छात्रा सड़क के किनारे चल रही थी. ओवरटेक लेने के चक्कर में हाइवा ने स्कूटी में टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गयी और हाइवा का चक्का उसकी कमर पर चढ़ गया. इससे उसकी मौत हो गयी.

दो भाई-बहनों में बड़ी थी आस्था, रोज स्कूटी से जाती थी सिमेज

आस्था के चचेरे भाई पंचानंद ने बताया कि आस्था अपने पूरे परिवार के साथ बचपन से ही ट्रांसपोर्ट नगर में रहती थी. पिता का ट्रांसपोर्ट का बिजनेस है और कादिरगंज गांव में खेती भी करते थे. वहीं दो भाई-बहनों में आस्था बड़ी थी और एक छोटा बाई लिट्रा वैली स्कूल में पढ़ता है. आस्था पाटलिपुत्र स्थित सिमेज कॉलेज में बीबीएम (2023-26) की छात्र थी. वह हर दिन की तरह गुरुवार को भी क्लास के लिए ही निकली थी. बेटी की मौत की खबर सुनते ही मां बेहोश हो गयी. वहीं भाई स्कूल से सीधे एनएमसीएच पहुंच गया.

पिता गये हुए थे कुंभ, बेटी की मौत की खबर सुन हो गये दंग

मिली जानकारी के अनुसार आस्था के पिता पंकज कुमार कुछ दिन पहले ही कुंभ गये थे. गुरुवार को जैसे ही बेटी की मौत की खबर उनको मिली, वह दंग हो गये. उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि यह क्या हो गया. ट्रेन में जगह नहीं और पटना पहुंचने की जल्दी में उन्हें कुछ नहीं समझ आ रहा था कि वह क्या करें. किसी तरह घर के बाकी लोगों ने उन्हें फोन पर हौसला देते हुए उन्हें लखनऊ किसी तरह पहुंचकर वहां से फ्लाइट पकड़ पटना तुरंत आने को कहा. देर शाम तक आस्था के पिता लखनऊ पहुंच गये थे, वहां से फ्लाइट से वह पटना आयेंगे.

Also Read: Bihar Crime: गोपालगंज में साइकिल मिस्त्री की हत्या, गमछा से गला दबाकर मर्डर करने का आरोप

सरस्वती पूजा में होने वाले कार्यक्रम में गाना गाने वाली थी आस्था

हादसे के बाद सिमेज के छात्रों के बीच आस्था की मौत की चर्चा होती रही. एमबीए के छात्र अनुज कुमार ने बताया कि वह पढ़ाई में ब्रिलिएंट स्टूडेंट थी. यही नहीं वह कल्चरल प्रोग्राम में भी हिस्सा लेती रहती थी. कॉलेज में हुए पिछले कार्यक्रमों में भी आस्था ने हिस्सा लिया था. वह बहुत अच्छा गाना गाती थी. एक छात्रा ने बताया कि वह सरस्वती पूजा में होने वाले कार्यक्रम में गाना गाने वाली थी. प्रोग्राम में पार्टिसिपेट कर चुकी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >