बिक्रम में 82.60 लाख की लागत से बनेगा आरसीसी नाला, जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत

बिक्रम नगर पंचायत में वर्षों पुरानी जल निकासी की समस्या का समाधान हो रहा है. मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत 82.60 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाला का निर्माण शुरू किया गया है. यह परियोजना बरसात में जलजमाव से राहत दिलाएगी.

Patna News : बिक्रम नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षों से बनी हुई जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-08 में 82 लाख 60 हजार 176 रुपये की लागत से आरसीसी नाला का निर्माण कराया जा रहा है.

बरसात में जलजमाव से मिलेगी राहत

आरसीसी नाला बनने से मुख्य बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में बरसात के दौरान होने वाले जलजमाव की समस्या का समाधान होगा. इसके साथ ही कई घरों की जल निकासी व्यवस्था भी बेहतर होगी. लंबे समय से नालों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बारिश का पानी आसानी से निकल सकेगा, जिससे आवागमन सुगम होगा और बाजार की स्वच्छता में भी सुधार आएगा.

व्यवसायियों की मांग पर मिली योजना की स्वीकृति

जानकारी के अनुसार, बिक्रम व्यवसायिक एकता संघ ने मुख्य बाजार की मुख्य सड़क के दोनों ओर आरसीसी नाला निर्माण की मांग विधायक सिद्धार्थ सौरभ के समक्ष रखी थी. विधायक ने इस मांग को संबंधित विभाग तक पहुंचाया, जिसके बाद मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत परियोजना को स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य शुरू कराया गया.

स्थानीय लोगों ने जताया आभार

नाला निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों ने खुशी व्यक्त करते हुए विधायक सिद्धार्थ सौरभ के प्रति आभार जताया. उनका कहना है कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए काफी लाभकारी साबित होगी. इससे जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान होगा, बाजार का स्वरूप बेहतर बनेगा और बरसात के मौसम में लोगों को होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी.

समय पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण की उम्मीद

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा, जिससे नगर पंचायत के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी.

Also Read : निशांत कुमार अचानक पहुंचे LNJP हॉस्पिटल, मरीजों से की बात, व्यवस्थाओं को देख भड़के


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ravi prakash bikram

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >