Ram Navami 2026: पटना समेत पूरे बिहार में रामनवमी का पर्व पूरे उत्साह और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है. सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है. महावीर मंदिर से लेकर गांव-शहर तक हर जगह जय श्रीराम के जयकारे गूंज रहे हैं.
महावीर मंदिर में रात 2 बजे से ही दर्शन शुरू
पटना के महावीर मंदिर में देर रात से ही भक्तों की लंबी कतार लग गई थी. मंदिर का पट रात 2 बजे खोला गया, जिसके बाद विशेष आरती हुई. यहां अब तक करीब 2 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि इस साल 4 लाख से ज्यादा भक्तों के आने का अनुमान है. खास बात यह रही कि श्रीराम जन्मोत्सव के मौके पर ड्रोन से फूलों की बारिश की गई, जिससे माहौल और भी भव्य हो गया.
शहर के अन्य मंदिरों में भी भारी भीड़
राजवंशी नगर के पंचरूपी हनुमान मंदिर में करीब 50 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. यहां करीब 1 किलोमीटर लंबी लाइन देखी जा रही है. वहीं, एसके पुरी पार्क में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया. पटना के शीतला माता मंदिर में परंपरा के अनुसार बलि भी दी गई.
मुजफ्फरपुर और अन्य जिलों में भी भक्ति का रंग
मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर में सुबह 5 बजे से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. सीवान में रामनवमी के मौके पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई है, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय भी शामिल हुए. मधुबनी में पारंपरिक अंदाज में अस्त्र-शस्त्र के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जहां विहिप (विश्व हिंदू परिषद) कार्यकर्ताओं ने तलवार लहराते हुए जय श्रीराम के नारे लगाए.
शाम को पटना में 52 शोभायात्रा
रामनवमी के मौके पर शाम को पटना में 52 भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. सभी जिलों में भी जुलूस निकाले जाएंगे. शहर का डाक बंगला चौराहा इस बार मुख्य आकर्षण का केंद्र है, जहां से सभी शोभायात्राएं गुजरेंगी. यहां मुख्य मंच बनाया गया है. आयोजकों के मुताबिक, डाक बंगला और महावीर मंदिर के आसपास 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है.
बड़े नेताओं और हस्तियों की मौजूदगी
इस भव्य आयोजन में राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे. इसके अलावा रामायण सीरियल में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल और सांसद मनोज तिवारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.
Also Read: रामनवमी पर बिहार में हादसा, सगे भाई-बहन समेत 5 बच्चों की डूबने से मौत, 3 लापता और 3 बचाए गए
