पटना: तिरंगे के साथ सड़कों पर उमड़ा पुनपुन, गूंजे भारत माता की जय के नारे, कैडेटों ने दिया एकता-अखंडता का संदेश

पुनपुन 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत देशभक्ति के रंग में रंग गया. स्थानीय प्रशासन और एनसीसी इकाई द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्राओं में नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया. यह आयोजन राष्ट्रीय स्वाभिमान और एकता को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बना.

Patna News : मसौढ़ी में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत गुरुवार को पुनपुन देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. स्थानीय प्रशासन की ओर से शहीद पार्क से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें स्कूली बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया. हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पुनपुन बाजार और आसपास का इलाका गूंज उठा.

वहीं, 29 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में एसएमडी कॉलेज की एनसीसी इकाई ने भी तिरंगा यात्रा निकालकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया.

शहीद पार्क से कामेश्वर सिंह चौक तक निकली यात्रा

प्रशासन की तिरंगा यात्रा पुनपुन शहीद पार्क से शुरू हुई और पुनपुन बाजार होते हुए शहीद कामेश्वर सिंह चौक पहुंचकर संपन्न हुई. यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया. वक्ताओं ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के वीरों के बलिदान, राष्ट्रीय स्वाभिमान और एकता-अखंडता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है. राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक भारतीय के सम्मान और गौरव का प्रतीक है.

मौके पर बीडीओ उदय कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी सतीश कुमार, सांख्यिकी पदाधिकारी विकास कुमार और राजस्व पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार मौजूद रहे. भाजपा नेता सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष सिन्टू कुमार, नगर पंचायत उपमुख्य पार्षद राज कुमार भोला, जदयू नेता सौरभ कुमार और समाजसेवी मधु सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग भी यात्रा में शामिल हुए.

एनसीसी कैडेटों ने अनुशासन के साथ निकाली यात्रा

इधर, एसएमडी कॉलेज, पुनपुन की एनसीसी इकाई ने कॉलेज परिसर से अलग तिरंगा यात्रा निकाली. एनसीसी कैडेट हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित ढंग से पुनपुन नदी मार्ग होते हुए बाजार पहुंचे और फिर कॉलेज परिसर लौटकर यात्रा का समापन किया. इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा वातावरण देशभक्तिमय बना रहा. कैडेटों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया.

राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. मधुरेंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए. एनसीसी पदाधिकारी लेफ्टिनेंट मुकेश कुमार के नेतृत्व में कैडेटों ने उत्साह और अनुशासन का परिचय दिया. कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी भी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >