फुलवारी शरीफ/जानीपुर. पटना जिले के जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फरीदपुर इलाके में नाबालिग महादलित किशोरी के साथ हुई छेड़खानी और फब्तियां कसने के मामले में पुलिस की हीलाहवाली से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. स्थानीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई न किए जाने से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने नौबतपुर शिवाला से दानापुर रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग को टायर जलाकर पूरी तरह जाम कर दिया. आगजनी और हंगामे के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और आवागमन घंटों ठप रहा.
खेत जा रही किशोरी के साथ रास्ते में छेड़खानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदपुर पंचायत की महादलित बस्ती निवासी एक नाबालिग लड़की खेत में काम कर रही अपनी मां के पास जा रही थी. उसकी मां खेत में धान की सोहनी कर रही थी. परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे मनचले युवकों ने लड़की को घेर लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार व अश्लील कमेंटबाजी की. किसी तरह रोती-बिलखती किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई.
थाने में गुहार के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिजन जानीपुर थाने पहुंचे और नामजद युवकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई. परिजनों का गंभीर आरोप है कि थाने में लिखित शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और आरोपियों को पकड़ने के लिए कोई तत्परता नहीं दिखाई. पुलिस की इसी कथित लापरवाही और सुस्त रवैये से नाराज होकर पूरी बस्ती के लोग गोलबंद हो गए और सड़क पर उतर आए.
शिवाला मार्ग पर आगजनी, वाहनों में तोड़फोड़
आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर नौबतपुर शिवाला-दानापुर स्टेशन मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क के बीचों-बीच टायर और लकड़ियां जलाकर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया. इस दौरान उग्र प्रदर्शनकारियों द्वारा कुछ वाहनों के शीशे भी तोड़े जाने की सूचना मिली. हंगामे की वजह से दानापुर स्टेशन और नौबतपुर आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों और स्कूली वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पांच थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की संवेदनशीलता और उग्र होते माहौल को देखते हुए डायल 112 के अलावा जानीपुर, शाहपुर, खगौल, नौबतपुर और नेउरा थाने की भारी पुलिस फोर्स मौके पर भेजी गई. वरीय पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों से सीधी बात की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया गया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात सुचारू कराया.
एसडीपीओ बोले: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
फुलवारी शरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) उपेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया था. उन्होंने कहा कि जानीपुर थाना पुलिस को पीड़िता के परिजनों के बयान के आधार पर त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने का कड़ा निर्देश दिया गया है. कानून हाथ में लेने वाले और छेड़खानी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
