Patna News : मसौढ़ी. थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक गांव में आपसी विवाद के दौरान नौ माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में घायल महिला पुष्पा देवी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. महिला के पति सुभाष पासवान ने तीन लोगों के खिलाफ मसौढ़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गयी. आरोप है कि इसी दौरान सुरेंद्र पासवान, अशोक पासवान और शैलेश पासवान ने हरवे-हथियार से लैस होकर पुष्पा देवी के साथ मारपीट की. मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी.
मारपीट के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती
महिला के पति सुभाष पासवान का आरोप है कि उनकी पत्नी करीब नौ माह की गर्भवती थीं और मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पेट में बच्चे की मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद मसौढ़ी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना के कारणों और मारपीट के आरोपों की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
