Prashant Kishor : प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के पात्र बुजुर्गों को 1100 रुपये मासिक पेंशन देने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने में पेंशन की व्यवस्था बिना रिश्वत और परेशानी के शुरू की जाएगी. इसके साथ ही हर पात्र व्यक्ति को राशन कार्ड देने और कार्ड पर पूरा 5 किलो अनाज उपलब्ध कराने का दावा किया है.
सरकारी स्कूलों में एक साल में सुधार का वादा
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में एक साल के भीतर सुधार करने की बात कही है. उनका कहना है कि अगर एक साल में सरकारी स्कूलों की स्थिति नहीं सुधरती है, तो अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूल में पढ़ा सकेंगे और उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च वह उठाएंगे.
10 हजार परिवारों के बच्चों को रोजगार देने का ऐलान
बांकीपुर के 10 हजार परिवारों के एक-एक बच्चे को रोजगार दिलाने का भी ऐलान किया गया है. प्रशांत किशोर ने कहा कि ये जरूरी नहीं कि सभी नौकरियां सरकारी होंगी. अपने देशभर के संपर्कों और एक विशेष मॉडल के जरिए युवाओं को निजी क्षेत्र समेत अन्य जगहों पर रोजगार दिलाने की कोशिश होगी. इस काम की शुरुआत अगले 10 दिनों में करने और अगले एक से दो साल में लक्ष्य पूरा करने की बात कही गई है.