पटना: मसौढ़ी के बांसडीह मुसहरी विवाद पर बढ़ी सियासत, माले ने पुलिस पर उत्पीड़न का लगाया आरोप

मसौढ़ी के बांसडीह मुसहरी में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के बाद मामला राजनीतिक हो गया है. भाकपा-माले ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. जानिए पूरा मामला...

Patna police action Dispute: मसौढ़ी के लहसुना थाना क्षेत्र के बांसडीह मुसहरी में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के बाद मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है. शुक्रवार को भाकपा-माले और खेमस के उच्चस्तरीय जांच दल ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए.

पूर्व विधायक समेत जांच दल पहुंचा गांव

जांच दल में पूर्व विधायक गोपाल रविदास सहित कई नेता शामिल थे. दल के सदस्यों ने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली. जांच दल के सदस्य नागेश्वर पासवान ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई के डर से कई परिवार गांव छोड़ने को मजबूर हुए हैं.

महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस पर मारपीट, धमकी देने तथा शराब, रुपये और मुर्गा-मुर्गी की मांग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए. माले नेताओं ने कहा कि यदि कथित दमनात्मक कार्रवाई नहीं रुकी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

पुलिस ने आरोपों को किया खारिज

वहीं लहसुना थानाध्यक्ष ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस किसी गांव या समुदाय को निशाना नहीं बना रही है, बल्कि घटना में शामिल आरोपितों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है. थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब, रुपये मांगने या लोगों को गांव छोड़ने के लिए मजबूर करने के आरोप पूरी तरह निराधार हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी को गिरफ्तारी की आशंका है तो वह न्यायालय से अग्रिम जमानत प्राप्त कर सकता है.

झड़प में घायल हुए थे पुलिसकर्मी

गौरतलब है कि बुधवार को गश्ती के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प में एक अवर निरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. घटना के दौरान पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा था.

चार आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

इस मामले में पुलिस ने 26 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है. अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay kumar masaurhi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >