पीएम मोदी ने 50वीं यात्रा पर बिहार को दी 50 हजार करोड़ की सौगात, जानिए राज्य को क्या-क्या मिला...

PM Modi Gift: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे के दौरान राज्य को 50,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. पटना में नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन और कई बड़ी आधारशिलाएं रखकर उन्होंने प्रदेश के बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार देने का संदेश दिया.

PM Modi Gift: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे और अपने इस दौरे के साथ उन्होंने बतौर प्रधानमंत्री राज्य की 50वीं यात्रा पूरी कर एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना दिया. चुनावी साल में पीएम का यह दौरा सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि विकास की नई लकीर खींचने वाला रहा. इस दौरान उन्होंने 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया.

एविएशन से एनर्जी तक: बुनियादी ढांचे में बड़ा निवेश

प्रधानमंत्री ने पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया. जो 65,155 वर्ग मीटर में फैला है और जिसकी लागत 1200 करोड़ रुपये बताई गई है. इस अत्याधुनिक टर्मिनल से प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा. साथ ही पीएम ने बिहटा में बनने वाले नए हवाई अड्डे का भी वर्चुअल शिलान्यास किया, जिसके लिए 542 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.

ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर कदम

प्रधानमंत्री 30 मई को औरंगाबाद के नबीनगर में 29,947 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सुपर थर्मल पावर प्लांट की आधारशिला रखेंगे. इस संयंत्र से बिहार को 1500 मेगावाट बिजली की आपूर्ति होगी, जिससे राज्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी.

एक्सप्रेसवे और पुल से कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार

पीएम मोदी ने पटना-सासाराम ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की नींव रखी, जिसकी अनुमानित लागत 3,712 करोड़ रुपये है. यह एक्सप्रेसवे राज्य के मध्य और पश्चिमी हिस्सों को बेहतर तरीके से जोड़ेगा. साथ ही बक्सर और यूपी के भरौली के बीच गंगा नदी पर बनने वाले 3.2 किलोमीटर लंबे तीन लेन के पुल का शिलान्यास किया गया, जिसकी लागत 368 करोड़ रुपये है.

बजट में भी बिहार को मिली बड़ी सौगातें

वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में बिहार के लिए खास प्रावधान किए गए हैं. मखाना किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए मखाना बोर्ड की स्थापना की घोषणा की गई, जिससे उत्पादन, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग को मजबूती मिलेगी. आईआईटी पटना में सीटों की संख्या बढ़ाने से लेकर चार नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की योजना और फूड टेक्नोलॉजी पर फोकस ने राज्य को बड़ी उम्मीदें दी हैं.

जनहित की योजनाओं को भी मिली प्राथमिकता

प्रधानमंत्री की पूर्व यात्राओं में भी बिहार को अनेक योजनाओं की सौगात मिली. अप्रैल में मधुबनी में 13,480 करोड़ की योजनाएं, गोपालगंज में एलपीजी बॉटलिंग प्लांट, और ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को 930 करोड़ की सहायता शामिल रही.

Also Read: पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे की हाफ सेंचुरी, ऐसा रिकॉर्ड जो अब तक किसी भी प्रधानमंत्री ने नहीं बनाया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >