Patna News : बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर स्थित स्पोर्ट क्लाइम्बिंग वॉल में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार की ओर से प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया. विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को समारोह में प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को मिला प्रमाण-पत्र
समारोह की मुख्य अतिथि बिहार पुलिस अकादमी की एडीजी सह निदेशक आर. मलर विजी रहीं. विशिष्ट अतिथि डीआईजी सह उपनिदेशक अभय लाल और विशेष अतिथि एसपी प्रशासन लाल मणि यादव समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे. कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन के सचिव सैयद अबादुर रहमान के नेतृत्व में किया गया.
छह दिवसीय कोर्स में 14 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
10 मार्च से 21 मई 2026 के दौरान आयोजित छह दिवसीय स्पोर्ट क्लाइम्बिंग कोर्स में 14 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. प्रतिभागियों को स्पोर्ट क्लाइम्बिंग से जुड़े सैद्धांतिक और व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया.
इसके अलावा 24 फरवरी को आयोजित स्पोर्ट क्लाइम्बिंग ट्रेनिंग कोर्स के प्रतिभागियों को भी समारोह में प्रमाण-पत्र दिया गया. प्रमाण-पत्र मिलने के बाद प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला.
बिहार के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने पर जोर
समारोह में बिहार क्लाइम्बिंग टीम के खिलाड़ी बिट्टू कुमार और अभिषेक कुमार भी शामिल हुए. एसोसिएशन के सचिव सैयद अबादुर रहमान ने कहा कि बिहार में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. युवाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण देकर इस खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है.
राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी
सैयद अबादुर रहमान ने कहा कि राजगीर स्थित स्पोर्ट क्लाइम्बिंग वॉल खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित हो रही है. यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जतायी कि आने वाले समय में बिहार के खिलाड़ी स्पोर्ट क्लाइम्बिंग के क्षेत्र में राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे.
Also Read : पटना में शब्बीर कुमार का जलवा, प्रभात खबर की सुर संध्या में 3000 लोग पुराने गीतों पर झूमे
