Patna CCTV Cameras : पटना में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 415 जगहों पर 2500 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों के जरिए शहर के अलग-अलग हिस्सों की निगरानी की जाती है. जेपी गंगा पथ पर लगे कैमरों को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर यानी ICCC से जोड़ा गया है, जिससे वहां की गतिविधियों पर लाइव नजर रखी जा सकती है.
गंगा का जल स्तर बढ़ा तो बंद करने पड़े कैमरे
गंगा नदी का जल स्तर बढ़ने के बाद एहतियात के तौर पर विद्युत उपकरणों को बंद कर दिया गया था. इसी वजह से जेपी गंगा पथ पर चालान के लिए लगाए गए कैमरे भी बंद रहे. घाटों के आसपास लगे कई CCTV कैमरों को भी बंद किया गया था.
कैमरे बंद होने से जांच में आई परेशानी
CCTV कैमरे बंद रहने का असर हाल में हुई चोरी और झपटमारी की घटनाओं की जांच पर भी पड़ा. पुलिस को घटनाओं के बाद बदमाशों की पहचान के लिए CCTV फुटेज की जरूरत होती है, लेकिन कैमरे बंद होने के कारण कई मामलों में फुटेज उपलब्ध नहीं हो सकी.
दीघा गोलंबर से गायघाट तक कई कैमरे अभी भी बंद
घाट किनारे सभी CCTV कैमरे अब तक एक्टिव नहीं हो पाए हैं. दीघा गोलंबर से गायघाट तक लगे कई कैमरे बंद बताए जा रहे हैं. स्मार्ट सिटी प्रशासन के अनुसार, जैसे-जैसे गंगा का जल स्तर कम हो रहा है, वैसे-वैसे कैमरों को दोबारा चालू किया जा रहा है.
जेपी गंगा पथ पर मोबाइल स्नैचरों का आतंक
इधर, जेपी गंगा पथ पर मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. हाल के दिनों में बाइक सवार बदमाशों द्वारा राहगीरों से मोबाइल झपटने की घटनाएं सामने आई हैं. CCTV बंद होने की वजह से ऐसे मामलों में बदमाशों की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बन रही है.
19 सितंबर को स्कूटी सवार महिला से मोबाइल झपटा
19 सितंबर को स्कूटी से जा रही एक महिला का मोबाइल बाइक सवार बदमाशों ने झपट लिया. घटना के बाद बदमाश दीघा की ओर फरार हो गए. घटना के बाद जब बदमाशों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगालने की कोशिश की गई तो संबंधित कैमरा बंद मिला.
एलसीटी घाट के पास छात्र का मोबाइल छीना
एलसीटी घाट के पास भी बाइक सवार बदमाशों ने साइंस कॉलेज के एक छात्र का मोबाइल फोन झपट लिया. इस मामले में पुलिस ने सनहा दर्ज किया, लेकिन मामले की जांच आगे नहीं बढ़ने की बात सामने आई है.
CCTV एक्टिव होने से जांच में मिलेगी मदद
शहर में बड़ी संख्या में CCTV कैमरे लगाए जाने का उद्देश्य अपराध की निगरानी के साथ-साथ घटनाओं के बाद बदमाशों की पहचान में मदद करना भी है. ऐसे में गंगा के जल स्तर के कारण बंद हुए कैमरों को पूरी तरह एक्टिव करना पुलिस की निगरानी व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण होगा.
Also Read : Rise & Fall 2 में गीता का उपदेश देंगे तेज प्रताप यादव, साथ ले जाएंगे बांसुरी, पटना में क्या बोले, जानिए
