Patna News: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुनपुन प्रखंड के पिपरा थाना की पुलिस ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1.684 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना पर अंचलाधिकारी पुनपुन की मौजूदगी में की गई छापेमारी के दौरान महिला के घर से गांजा बरामद किया गया. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पिपरा थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि कल्याणपुर गांव निवासी अजय यादव की पत्नी शांति कुमारी अपने घर में अवैध गांजा छिपाकर रखी हुई है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने अंचलाधिकारी की उपस्थिति में घर की विधिवत तलाशी ली.
घर से बरामद हुआ गांजा
तलाशी के दौरान घर से 1.684 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद महिला को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया. इस संबंध में पिपरा थाना कांड संख्या 96/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस गिरफ्तार महिला से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा.
