Patna Weather Update: पटना में देर रात तेज हवा व गरज-तड़क के साथ पटना (Patna Monsoon Rain) में बारिश हुई. उमस भारी गर्मी के बीच पटना में इंद्रदेव मेहरबान दिखे. राहत की बूंदों से राजधानी तर-बतर हो गई.
बिहार में मानसून के प्रवेश के बावजूद उसका असर पूरे राज्य में नहीं दिख रहा है. राजधानी पटना समेत कई जिलों में लोग भीषण उमस और गर्मी से परेशान हैं. राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पटना, नालंदा, वैशाली, बेगूसराय, समस्तीपुर, लखीसराय, शेखपुरा और सारण के कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
Patna Weather Update: अगले कुछ घंटों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग (IMD) के ताजा नाउकास्ट के अनुसार इन जिलों के कुछ क्षेत्रों में अगले दो से तीन घंटे के भीतर मेघगर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है. विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील की है.
कई जिलों में अब तक नहीं पहुंचा मानसून का पूरा असर
कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, अरवल, भोजपुर, बक्सर, सीवान, गोपालगंज, जहानाबाद, नवादा और जमुई समेत कई जिलों में मानसून का प्रभाव अभी पूरी तरह नहीं पहुंच पाया है. नतीजतन इन क्षेत्रों में गर्मी और उमस का प्रकोप बना हुआ है. पटना में भी रविवार को दिनभर चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.
आखिर 10 दिनों से क्यों अटका है मानसून?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार (Patna Weather Update) मानसून बिहार में समय पर पहुंच गया था, लेकिन वह पूरे राज्य में समान रूप से आगे नहीं बढ़ सका. विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून का विस्तार किसी नियमित गति से नहीं होता और इसके पीछे कई वैश्विक तथा क्षेत्रीय मौसमीय कारक जिम्मेदार होते हैं.
25 जून से बदलेगा मौसम, झमाझम बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र पटना का अनुमान है कि 23 जून के आसपास मानसून बिहार में फिर से सक्रिय हो सकता है, जबकि 25 जून से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश शुरू होने की संभावना है. सैटेलाइट तस्वीरों में बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की गतिविधियां बढ़ती दिख रही हैं, जिससे अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है.
फिलहाल लोगों को गर्मी और उमस से राहत के लिए कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है, लेकिन मौसम विभाग (Patna Weather Update) का मानना है कि जून के अंतिम सप्ताह में मानसून पूरे बिहार में मजबूती के साथ दस्तक देगा.
