पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव स्थगित, 28 फरवरी का मतदान टला, आखिर क्यों लिया गया यह फैसला?

PUSU Election 2026: पटना यूनिवर्सिटी ने छात्र संघ चुनाव को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है. 28 फरवरी को होने वाला मतदान अब अगले आदेश तक टाल दिया गया है. परिसर में आचार संहिता उल्लंघन और अमर्यादित घटनाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया.

PUSU Election 2026: पटना यूनिवर्सिटी में होने वाले छात्र संघ चुनाव को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है. मतदान 28 फरवरी को प्रस्तावित था. अब अगली सूचना तक चुनाव नहीं होंगे. इस संबंध में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है.

परिसर में अमर्यादित घटनाओं का हवाला

प्रशासन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में परिसर में कई अप्रत्याशित और अमर्यादित घटनाएं हुईं. पटना वीमेंस कॉलेज परिसर में छात्रों के एक समूह ने बिना अनुमति प्रवेश किया. वहां नारेबाजी की गई. इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन माना गया.

इसी तरह पटना साइंस कॉलेज में भी एक क्लास के दौरान हंगामा हुआ. आरोप है कि कुछ छात्रों ने शिक्षक और विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया. इन घटनाओं को गंभीरता से लिया गया.

समय से पहले प्रचार और पोस्टरबाजी

चुनाव प्रचार को लेकर भी कई शिकायतें सामने आईं. कॉलेज परिसरों में छपे हुए बैनर और पोस्टर लगाए गए. महंगे चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल किया गया. निर्धारित समय से पहले ही प्रचार शुरू कर दिया गया था. इसे भी आचार संहिता का उल्लंघन बताया गया.

प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और शांति बनाए रखना जरूरी है. इसलिए हालात को देखते हुए चुनाव स्थगित करने का फैसला लिया गया.

छात्रों में बढ़ी हलचल

चुनाव स्थगित होने की खबर के बाद छात्र संगठनों में हलचल तेज हो गई है. कई उम्मीदवार तैयारी में जुटे थे. अचानक फैसले से माहौल बदल गया है. अब सभी की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले आदेश पर टिकी है. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने साफ किया है कि परिसर में अनुशासन और शैक्षणिक माहौल को प्राथमिकता दी जाएगी. हालात सामान्य होने के बाद ही नई तारीख की घोषणा की जाएगी.

Also Read: सोनपुर में 4200 एकड़ में बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नीतीश कैबिनेट में 35 एजेंडों पर लगी मुहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >