Patna Road accident: पटना सिटी के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित रौशन घाट के समीप मैरीन ड्राइव पर बुधवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई. बाइक से जा रहे दोनों युवकों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान पीएमसीएच में दोनों ने दम तोड़ दिया.
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
सुल्तानगंज थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि आलमगंज थाना क्षेत्र के लोहरवा गली अग्रवाल टोला निवासी मो. नेहाल के 24 वर्षीय पुत्र मो. सुहैल और रामनाथ साहनी के 22 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार बुधवार की देर रात बाइक से मैरीन ड्राइव होते हुए गांधी मैदान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
पीएमसीएच में इलाज के दौरान हुई मौत
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया. हालांकि इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई. गुरुवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी. मामले की जांच जारी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है.
एक ही मोहल्ले के थे दोनों दोस्त
परिजनों के अनुसार मो. सुहैल और मुकेश कुमार घनिष्ठ मित्र थे और एक ही मोहल्ले में रहते थे. परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों किसी काम से देर रात घर से निकले थे. इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया.
