पटना से नीतीश कुमार की रिपोर्ट Patna News : राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित गौतम नगर जनता रोड में 18 वर्षीय नवविवाहिता मनीषा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह अपने घर के एक कमरे में फंदे से लटकी मिली. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच कराई.
तीन महीने पहले किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार मनीषा कुमारी ने करीब तीन महीने पहले गर्दनीबाग के गौतम नगर निवासी सुजीत कुमार से प्रेम विवाह किया था. मनीषा का मायका भी गर्दनीबाग इलाके में ही है. शादी के कुछ ही महीनों बाद उसकी संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई.
परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर मनीषा को प्रताड़ित करता था. परिजनों के मुताबिक मनीषा कई बार फोन कर अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी देती थी. उनका आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस बोली- हर पहलू से हो रही जांच
गर्दनीबाग थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : 6 तस्वीरों में देखें बांकीपुर की जीत का जश्न, गुलाल और मिठाई के साथ ‘जय बिहार’ के नारों से गूंजा पटना
