Aditya Kumar Viral: बिहार में शिक्षक भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच छह साल का आदित्य कुमार चर्चा का केंद्र बन गया है. 25 अगस्त को पटना में बीपीएससी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान आदित्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. पहली कक्षा में पढ़ने वाला आदित्य हाथ में तिरंगा लेकर प्रदर्शन में पहुंचा और बेरोजगारी, परीक्षा व्यवस्था तथा पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल करता नजर आया. कम उम्र में उसके बेबाक अंदाज में अपनी बात रखने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ.
तिरंगा लेकर छात्र आंदोलन में पहुंचा था आदित्य
जानकारी के अनुसार आदित्य अपने माता-पिता के साथ छात्र आंदोलन में पहुंचा था. प्रदर्शन के दौरान वह हाथ में तिरंगा लिये नजर आया. मीडिया से बातचीत में उसने छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवाल उठाये. उसने बेरोजगारी और परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी. इसके बाद उसके बयान से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे.
गया के टेकारी का रहने वाला, पटना में रह रहा परिवार
उपलब्ध जानकारी के अनुसार आदित्य मूल रूप से गया जिले के टेकारी का रहने वाला है. फिलहाल वह अपने माता-पिता के साथ पटना के कमल नेहरू नगर इलाके में रहता है. बताया जाता है कि उसकी मां पटना में दाई का काम करती हैं, जबकि उसके पिता मजदूरी करते हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं होने के बावजूद आदित्य की पढ़ाई और छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर रुचि ने लोगों का ध्यान खींचा है.
स्कूल बैग में संविधान की किताब रखने की चर्चा
आदित्य को लेकर सामने आयी जानकारी में यह भी बताया गया है कि वह अपने स्कूल बैग में संविधान की किताब रखता है. उसे पढ़ने में रुचि है और वह अपने आसपास होने वाली घटनाओं को लेकर सवाल करता है. शिक्षा, परीक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर उसके सवालों के कारण वह प्रदर्शन के दौरान लोगों के आकर्षण का केंद्र बना.
पहले भी छात्र प्रदर्शनों में नजर आ चुका है आदित्य
बताया जा रहा है कि आदित्य इससे पहले भी पटना में हुए कुछ छात्र प्रदर्शनों में नजर आ चुका है. गर्दनीबाग में छात्रों के धरना-प्रदर्शन के दौरान भी उसके पहुंचने की बात सामने आयी थी. हालांकि, छह साल की उम्र में किसी आंदोलन में बच्चे की मौजूदगी को लेकर बाल सुरक्षा और अभिभावकीय जिम्मेदारी से जुड़े सवाल भी उठ रहे हैं.
पुलिस ने हिरासत में लेने के दावे से किया इनकार
25 अगस्त के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा आदित्य और उसकी मां को वहां से ले जाने का वीडियो भी सामने आया. इसके बाद सोशल मीडिया पर बच्चे को हिरासत में लिये जाने के दावे किये गये. हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने हिरासत या गिरफ्तारी के दावों से इनकार किया. पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन स्थल पर भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बच्चे को वहां से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और बाद में उसके माता-पिता को सौंप दिया गया.
BPSC अभ्यर्थी किन मांगों को लेकर कर रहे प्रदर्शन?
पटना में बीपीएससी और शिक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव, भर्ती में पारदर्शिता, परीक्षा कैलेंडर, रिक्तियों और कथित अनियमितताओं समेत कई मांगें उठायी जा रही हैं.
25 अगस्त को प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने का प्रयास किया था. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी. प्रदर्शन से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आये, जिनमें आदित्य भी नजर आया.
इसे भी पढ़ें: ‘कुछ जातियां उठा रहीं ज्यादा लाभ’, मांझी के बेटे ने की आरक्षण की समीक्षा की मांग, बोले- कोटा के अंदर कोटा जरूरी
