Patna Student Protest: नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में छात्रों का आंदोलन बुधवार को तेज हो गया. गांधी मैदान से निकला मार्च डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना और राजभवन रोड होते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास और बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़ने लगा. जैसे ही प्रदर्शनकारी CM हाउस की तरफ बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी.
मुख्यमंत्री आवास से पहले ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया. 6 थानों की पुलिस टीम के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल भी मौके पर मौजूद रहा. पूरे हालात पर नजर रखने के लिए IG समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर डटे हैं.
कई जगह बैरिकेडिंग, फिर भी आगे बढ़े छात्र
पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की, लेकिन प्रदर्शनकारी लगातार आगे बढ़ते रहे. कई बार पुलिस और छात्रों के बीच आमना-सामना हुआ. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बार-बार हस्तक्षेप करना पड़ा.
वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल
राजभवन रोड पर हालात बिगड़ने के बाद पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए पहले वाटर कैनन चलाया. इसके बाद लाठीचार्ज भी किया गया. झड़प के दौरान कई छात्र, पुलिसकर्मी और कुछ पत्रकार घायल हो गए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कई छात्र संगठन भी आंदोलन में शामिल
इस प्रदर्शन को आइसा समेत कई वामपंथी छात्र संगठनों का समर्थन मिला. पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बड़ी संख्या में छात्र भी इस आंदोलन में शामिल हुए. प्रदर्शनकारी नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
