पटना में DSP ऑफिस के सामने 37 करोड़ की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे 17 बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार और लग्जरी गांड़ियां बरामद

Patna Crime: डीएसपी ऑफिस के सामने 37 करोड़ की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे 17 बदमाशों को STF और पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया. तीन पिस्तौल, कारतूस, लग्जरी गाड़ियां बरामद, गिरोह का सरगना फरार है.

पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Patna Crime: पटना में एसटीएफ (STF) और जिला पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से एक बड़ी हिंसक साजिश को नाकाम करते हुए 17 हथियारबंद शातिर बदमाशों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. ये सभी बदमाश डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार के बैरिया बस स्टैंड स्थित कार्यालय के ठीक सामने 37 कट्ठा की बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जा करने पहुंचे थे. इस पूरी जमीन की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 37 करोड़ रुपये आंकी गई है.

हथियार और गाड़ियां बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से सघन तलाशी के दौरान तीन देशी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, एक काले रंग की स्कॉर्पियो, एक उजले रंग की स्विफ्ट डिजायर, एक उजले रंग की एक्सयूवी-500 (XUV 500) लग्जरी गाड़ी, 15 टच स्क्रीन मोबाइल फोन व एक कीपैड मोबाइल फोन विधिवत बरामद किया गया है. पुलिस ने इन सभी अवैध सामानों और वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया है.

विभिन्न जिलों के अपराधी शामिल

पकड़े गए बदमाशों की पहचान पुनपुन निवासी विकास कुमार, अदालतगंज निवासी मो आलम, नौबतपुर निवासी अमित कुमार व अमन कुमार, रोहतास निवासी आनंद कुमार, दुल्हिन बाजार निवासी अजीत कुमार व रोहित कुमार, नालंदा निवासी राजवीर कुमार सिंह, धनबाद निवासी सुमन कुमार, बेऊर निवासी निलेश कुमार, अनिसाबाद निवासी विशाल कुमार व गौतम कुमार और मनेर निवासी रोहित, बिट्टू, मणिकांत, सोनू व रोहित कुमार के रूप में हुई है.

गिरोह का सरगना फरार

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे भूमि माफिया गिरोह का मुख्य सरगना सारण (दिघवारा) का रहने वाला कुख्यात शैलेश मुखिया है, जो फिलहाल पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहा. शैलेश मुखिया के सीधे निर्देश और कहने पर ही ये सभी शूटर और बदमाश भारी मात्रा में हथियार लेकर इस कीमती जमीन पर जबरन कब्जा करने के लिए पटना पहुंचे थे.

करोड़ों की है जमीन

स्थानीय प्रापर्टी डीलरों के अनुसार, बैरिया बस स्टैंड के मुख्य मार्ग पर स्थित इस इलाके में फिलहाल एक कट्ठा जमीन की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये के आसपास है. इस लिहाज से माफियाओं द्वारा टारगेट की गई इस पूरी 37 कट्ठा विवादित जमीन की कुल बाजार कीमत तकरीबन 37 करोड़ रुपये आंकी गई है. इसी बड़ी रकम के लालच में माफिया गिरोह एक्टिव हुआ था.

घेराबंदी कर दबोचे गए

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह विवादित और कीमती जमीन सीधे डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार के बैरिया स्टैंड स्थित सरकारी कार्यालय के ठीक सामने है. सरगना शैलेश मुखिया ने एक स्थानीय महिला से इस जमीन का तथाकथित एग्रीमेंट कराया था. कब्जा करने के दौरान वहां बड़े पैमाने पर गैंगवार और खून-खराबा होने की पुख्ता इनपुट एसटीएफ को पहले ही मिल गई थी.

दो चरणों में हुई गिरफ्तारी

इनपुट मिलते ही एसटीएफ और रामकृष्णानगर थाने की पुलिस ने बिना समय गंवाए पूरे चिन्हित इलाके की चौतरफा रणनीतिक घेराबंदी कर ली. पुलिस ने पहले चरण में मौके से 10 मुख्य आरोपियों को खदेड़कर दबोच लिया. इसके बाद जब पकड़े गए अपराधियों से थाने में कड़ी पूछताछ की गई, तो उनकी निशानदेही पर सात और सह-आरोपियों के नाम सामने आए, जिन्हें पटना के विभिन्न ठिकानों से छापेमारी कर पकड़ा गया.

दस्तावेजों की हो रही जांच

सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ये सभी भू-माफिया जमीन कब्जा करने के लिए हथियारों के साथ एक जगह एकत्र हुए थे. इन लोगों ने एक महिला को बेहद कम रकम का लालच देकर जमीन का एक संदिग्ध एग्रीमेंट अपने पक्ष में कराया था. सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि उक्त महिला वास्तव में जमीन की मालकिन है या नहीं, इस कानूनी पहलू और बरामद गाड़ियों के कागजात की गहन वैज्ञानिक जांच की जा रही है. सरगना शैलेश की गिरफ्तारी के लिए सारण और पटना में छापेमारी जारी है.

Also Read: पटना की महिला अपने तीन बच्चे लेकर, चार बच्चों के पिता संग भागी, पुलिस ने चंडीगढ़ में किया बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >