पटना: कोर्ट के मामलों के निपटारे में लापरवाही पर पटना सिटी सीओ को शो-कॉज, सहयोग पोर्टल के आवेदनों में देरी पर 17 अफसरों को नोटिस

पटना के जिलाधिकारी ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया है. सहयोग पोर्टल पर लंबित आवेदनों और कोर्ट केसों के निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले 17 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. पटना सिटी के सीओ से भी जवाब-तलब किया गया है.

Patna News: पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और विकासात्मक योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. डीएम ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निपटारा नहीं करने वाले 17 पदाधिकारियों को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है. वहीं, कोर्ट से जुड़े मामलों के निष्पादन में लापरवाही बरतने पर पटना सिटी के अंचलाधिकारी (सीओ) से भी जवाब-तलब करने का निर्देश दिया है.

सहयोग पोर्टल पर 1329 मामले लंबित, 30 दिनों में निष्पादन का अल्टीमेटम

समीक्षा के दौरान डीएम ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर अब तक प्राप्त कुल 23,262 आवेदनों में से 21,933 का निष्पादन किया जा चुका है. फिलहाल लंबित 1,329 आवेदनों में सबसे अधिक 401 मामले पटना सदर के हैं. विभागीय स्तर पर देखें तो सबसे ज्यादा 355 मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के पास लंबित हैं. डीएम ने सख्त निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का हर हाल में 30 दिनों के भीतर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए.

पटना सिटी में CWJC के सबसे ज्यादा केस पेंडिंग, दाखिल-खारिज में दानापुर आगे

बैठक में पाया गया कि पटना सिटी अंचल में सीडब्ल्यूजेसी (CWJC) के सर्वाधिक 37 मामले लंबित हैं, जिन पर सीओ द्वारा रुचि न लेने के कारण शो-कॉज का निर्देश दिया गया. डीएम ने महत्वपूर्ण मामलों का सिनॉप्सिस तैयार कर सरकारी अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर मामलों को निष्पादित कराने को कहा.

दूसरी ओर, दाखिल-खारिज के लंबित मामलों की समीक्षा में सामने आया कि दानापुर अनुमंडल में सर्वाधिक 7,528 और पटना सदर अनुमंडल में 7,247 मामले लंबित हैं. सभी एसडीओ और डीसीएलआर को इन मामलों के शीघ्र निपटारे पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.

निवेशकों को जल्द मिलेगा क्लियरेंस, आर्द्र भूमियों से हटेगा अतिक्रमण

उद्योग एवं व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए डीएम ने जिला स्तर की 43 प्रकार की सेवाओं का निपटारा पूरी तरह ऑनलाइन और समयबद्ध करने का निर्देश दिया, ताकि निवेशकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. इसके अतिरिक्त, जिले की झीलों, चौरों, ताल-तलैया जैसी आर्द्र भूमियों (Wetlands) के संरक्षण के लिए सीमांकन कराने, मिट्टी भराई व स्वामित्व परिवर्तन पर रोक लगाने और अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए गए. बैठक में डीडीसी शुभम कुमार समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >