Patna Saharsa Train: कोसी क्षेत्र के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म हो सकता है. रेलवे पटना से सहरसा होते हुए पूर्णिया कोर्ट तक नई रात्रिकालीन ट्रेन शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है. इस संबंध में प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय के पास विचाराधीन है और जल्द मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है.
समस्तीपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, पटना और सहरसा के बीच रात में ट्रेन चलाने का प्रस्ताव लंबे समय से अटका हुआ है. जैसे ही इसे मंजूरी मिलेगी, परिचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. कोसी क्षेत्र के लोग वर्षों से इसकी मांग करते आ रहे हैं.
मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने भी रेल मंत्री और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर इस मांग को रखा था. इसके बाद इस प्रस्ताव पर तेजी से विचार किया जा रहा है.
पूर्णिया कोर्ट तक जाएगी ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक प्रस्तावित ट्रेन का संचालन सिर्फ सहरसा तक सीमित नहीं रहेगा. इसे पूर्णिया कोर्ट तक चलाने की योजना बनाई गई है. अधिकारियों का कहना है कि सहरसा में ट्रेन के रैक को खड़ा करने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. इसी वजह से ट्रेन को आगे बढ़ाकर पूर्णिया कोर्ट तक ले जाने का फैसला किया जा सकता है.
रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन की टाइम-टेबल इस तरह तय करने पर विचार किया जा रहा है कि यह सुबह चार से पांच बजे के बीच सहरसा पहुंचे. हालांकि अभी अंतिम समय तय नहीं किया गया है. रेलवे कई विकल्पों पर विचार कर रहा है और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय निर्धारित किया जाएगा.
शाम के बाद सीधी ट्रेन की कमी
वर्तमान समय में पटना जंक्शन से सहरसा, सुपौल और मधेपुरा के लिए शाम 3:40 बजे कोसी एक्सप्रेस के रवाना होने के बाद कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है. इसके बाद यात्रियों के पास सीमित विकल्प बचते हैं. दानापुर से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस जरूर उपलब्ध है, जो हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और हसनपुर के रास्ते सहरसा पहुंचती है. इसी वजह से रात में यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
2005 से उठ रही है मांग
सहरसा-मानसी बड़ी रेल लाइन के उद्घाटन के बाद वर्ष 2005 से ही कोसी क्षेत्र के लोग पटना से सहरसा के लिए रात्रिकालीन ट्रेन की मांग कर रहे हैं. करीब दो दशक से चली आ रही इस मांग को अब पूरा होने की उम्मीद दिखाई दे रही है. यदि रेलवे मुख्यालय से मंजूरी मिल जाती है तो हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
वर्तमान में चलने वाली प्रमुख ट्रेनें
सहरसा और पटना के बीच अभी राज्यरानी एक्सप्रेस, सहरसा-राजेंद्र नगर इंटरसिटी एक्सप्रेस, पूर्णिया कोर्ट-सहरसा-हटिया कोसी एक्सप्रेस और जनहित एक्सप्रेस चलती है. रात में सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी और कोसी क्षेत्र की राजधानी से कनेक्टिविटी मजबूत होगी.
इसे भी पढ़ें: अनिल अग्रवाल के ठिकानों पर रेड, वेदांता ग्रुप की मुश्किलें बढ़ीं, मनोज झा ने सरकार पर उठाए सवाल
बिहार में इस दिन पहुंचेगा मानसून, मौसम विभाग ने बताया- एलनीनो बिगाड़ सकता है बारिश का खेल
