पटना से सुबोध कुमार नंदन की रिपोर्ट
Patna News: रोटरी क्लब ऑफ चाणक्य द्वारा रोटरी वर्ष 2025-26 के समापन अवसर पर भव्य फेयरवेल एवं फेलोशिप समारोह का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम पूरे वर्ष किए गए सेवा कार्यों और सामाजिक योगदान को समर्पित रहा. अध्यक्ष रोटेरियन अभिषेक अपूर्व, सचिव रोटेरियन राखी शर्मा और कोषाध्यक्ष रोटेरियन आलोक स्वरूप के नेतृत्व में वर्षभर किए गए कार्यों की झलक इस अवसर पर प्रस्तुत की गई.
महिलाओं और जरूरतमंदों के लिए कई कल्याणकारी परियोजनाएं
वर्षभर क्लब द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए 21 महिला लाभार्थियों को ई-रिक्शा, 21 छात्राओं को साइकिल और 5 महिलाओं को पिंक ठेला प्रदान किया गया. इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान, बाढ़ राहत कार्य, स्वास्थ्य शिविर, अन्नपूर्णा परियोजना और पीडियाट्रिक कैंसर वार्ड में सहयोग जैसी कई जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की गईं.
स्वास्थ्य और जनजागरूकता अभियानों से बढ़ी सामाजिक भागीदारी
क्लब द्वारा विश्व हेपेटाइटिस दिवस, विश्व कैंसर दिवस और विश्व पोलियो दिवस पर जागरूकता अभियान चलाए गए. विश्व शांति के संदेश को बढ़ावा देने के लिए पीस टॉवर का उद्घाटन किया गया. इसके अलावा 150 से अधिक दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदान कर उन्हें नई जिंदगी और आत्मविश्वास दिया गया.
फेलोशिप और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मजबूत हुआ आपसी संबंध
वर्षभर सावन मिलन, जन्माष्टमी, डांडिया नाइट, दीपावली मिलन, छठ महापर्व पर सूप वितरण, इंस्टॉलेशन और होली मिलन जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन आयोजनों ने सदस्यों के बीच आपसी सौहार्द और पारिवारिक भावना को और मजबूत किया.
सम्मान और विदाई के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
फेयरवेल समारोह में पूर्व जिला गवर्नरों और पूर्व अध्यक्षों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया. जिला गवर्नर रोटेरियन नम्रता को उनके नेतृत्व के लिए विशेष सम्मान दिया गया. अध्यक्ष अभिषेक अपूर्व ने कहा कि क्लब की हर उपलब्धि टीमवर्क और सेवा भावना का परिणाम है. कार्यक्रम का समापन भावुक विदाई, यादों और समाज सेवा के नए संकल्प के साथ हुआ.
ALSO READ: सृष्टि अभिनव की बड़ी सफलता, CBSE री-इवैल्यूएशन में 99.2% और CUET में 100 पर्सेंटाइल
