Patna Police Transfer: पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने जिले की कानून-व्यवस्था को और ज्यादा मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है. एसएसपी ने एक साथ 31 पुलिस पदाधिकारियों का ट्रांसफर करते हुए उन्हें नई जगहों पर तैनात कर दिया है. पटना के कई थानों के थानेदारों और सर्किल इंस्पेक्टर का तबादला किया गया है. यह नया आदेश तत्काल प्रभाव से लागू भी हो गया है.
तीन साल से एक ही जगह जमे अफसरों का कटा पत्ता
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, यह बड़ा बदलाव पुलिस मुख्यालय की तय गाइडलाइन के तहत किया गया है. नियम के अनुसार, जो भी पुलिस अधिकारी एक ही जगह पर अपनी तीन साल की निर्धारित अवधि पूरी कर चुके थे, उन्हें हटाकर नई जगह पर भेजा गया है.
इस तबादला सूची में राजधानी के कई थानों के नाम शामिल हैं. अब बुद्धा कॉलोनी, रामकृष्णनगर, शाहपुर, पुनपुन और बख्तियारपुर जैसे प्रमुख इलाकों में नए पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है.
दागी और भ्रष्ट अफसरों को नहीं मिलेगी जिम्मेदारी
एसएसपी ने तबादले के इस आदेश के साथ ही पुलिस महकमे को एक बहुत ही कड़ा संदेश भी जारी किया है. उन्होंने साफ कर दिया है कि जिन अधिकारियों पर कोई आपराधिक मामला दर्ज है, जो दोषी पाए जा चुके हैं या फिर किसी गंभीर विभागीय जांच का सामना कर रहे हैं, उन्हें किसी भी हाल में थानेदार या सर्किल इंस्पेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नहीं बिठाया जाएगा.
इसके साथ ही महिलाओं के उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और कस्टडी में हिंसा जैसे गंभीर मामलों में घिरे पुलिसकर्मियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी. शराबबंदी कानून को लेकर भी नीति बिल्कुल साफ रखी गई है. अगर कोई अधिकारी शराब की बिक्री, निर्माण या तस्करी में शामिल पाया जाता है, तो वह अगले 10 सालों तक किसी भी थाने या ओपी का प्रभारी बनने का हकदार नहीं होगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
24 घंटे के भीतर करना होगा ज्वाइन
एसएसपी कार्यालय ने इस आदेश में समय सीमा को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है. ट्रांसफर किए गए सभी 31 अधिकारियों को हर हाल में अगले 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर जाकर योगदान देने का हुक्म सुनाया गया है. इसके साथ ही उन्हें अपने पुराने थाने या दफ्तर का पूरा प्रभार, जरूरी दस्तावेज, चालान और अन्य सरकारी सामान तय समय के अंदर नए अधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: बिहार विधान परिषद चुनाव में किसका पलड़ा भारी, जानिए सीटों का पूरा गणित
21 जून को पटना में जेडीयू की बड़ी बैठक, नीतीश के नेतृत्व पर लगेगी मुहर, देखिए पूरा शेड्यूल
