बाइकर्स गैंग पटना पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं, लेकिन अब पटना पुलिस ने बाइकर्स गैंग के करीब 70 सदस्यों की सूची बना ली है और उन पर हर तरह से नजर रखी जा रही है. जिस इलाके के बाइकर्स गैंग के सदस्य हैं, उस इलाके में घटना होने पर सबसे पहले उनका ही सत्यापन किया जा रहा है. ये बाइकर्स गैंग सोशल मीडिया के जरिये एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं और कई तरह के धंधों से जुड़े हैं.
रैली निकालने से लेकर जमीन कब्जे के धंधे में हैं शामिल
पटना के ये बाइकर्स गैंग छोटी-मोटी राजनीतिक पार्टियों की रैलियों में भीड़ जुटाने के साथ ही जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने, हत्या आदि का भी ठेका लेते हैं. सभी सदस्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से ही सूचित किया जाता है और एक नियत जगह पर बुलाया जाता है.
दो-तीन सालों से तिरंगा यात्रा के नाम पर मचा रहे उत्पात
बाइकर्स गैंग अपनी ताकत दिखाने के लिए दो-तीन सालों से तिरंगा यात्रा का आयोजन करते हैं और देशभक्ति की आड़ में उत्पात मचाते हैं. पटना में सक्रिय सभी बाइकर्स गैंग अपने-अपनी ताकत का प्रदर्शन के लिए तिरंगा यात्रा निकालते हैं और उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करते हैं. लेकिन अब ये फोटो पुलिस की फाइल में हैं और सभी की पहचान कर उनकी लिस्ट बना ली गयी है.
बाइकर्स गैंग के करीब 70 सदस्याें की लिस्ट बनायी गयी है
एसएसपी डॉ मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि पटना में बाइकर्स गैंग के करीब 70 सदस्याें की लिस्ट बनायी गयी है और उन पर नजर रखी जा रही है. उनके सोशल एकाउंट्स पर भी चेक किया जाता है. इससे उन्हें केस भी सॉल्व करने में मदद मिली है. हाल में ही बाइकर्स गैंग के सदस्यों को शास्त्री नगर इलाके में पकड़ा गया और उनसे मिली जानकारी के आधार पर केस का उद्भेदन किया गया.
