गोपाल खेमका का हत्यारा शूटर उमेश यादव उगल रहा राज! मास्टरमाइंड विजय सहनी को खोज रही पटना पुलिस

Gopal Khemka Murder: पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या करने वाले शूटर उमेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर अब मास्टमाइंड विजय सहनी को पुलिस खोज रही है. सुपारी किलिंग की बात सामने आयी है.

पटना में कारोबारी गोपाल खेमका को गोली मारने वाले शूटर को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार शूटर उमेश यादव ने कई जानकारी पुलिस को दी. गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस ने देर रात तक ताबड़तोड़ छापेमारी की है. कई लोगों को पुलिस ने उठाया है. अब कुख्यात विजय सहनी की तलाश पुलिस को है. बताया जा रहा है कि बिजनसमैन गोपाल खेमका हत्याकांड के पीछे विजय सहनी भी शामिल है. उसने ही शूटर उमेश यादव से यह हत्या करवायी है.

शूटर उमेश यादव की निशानदेही पर छापेमारी

शूटर उमेश यादव धराया तो उसकी निशानदेही पर पटना के बुद्धमार्ग स्थित उदयगिरि अपार्टमेंट के एक फ्लैट में पुलिस छापेमारी के लिए पहुंची. यहां से तीन लोगों को पुलिस उठाकर थाने लेकर गयी. 10 लाख रुपए की सुपारी देकर गोपाल खेमका की हत्या कराने की बात सामने आ रही है. जेल में बंद कुख्यात अजय वर्मा से भी पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है. वहीं अब विजय सहनी का नाम भी इस हत्याकांड में उछला है.

ALSO READ: गोपाल खेमका हत्याकांड: MLC का करीबी है शूटर उमेश यादव, 10 लाख रुपए की सुपारी देकर पटना में करायी गयी हत्या!

मास्टरमाइंड विजय सहनी फरार

विजय सहनी अभी फरार है. फिलहाल जो बात सामने आयी है उसके अनुसार, गोपाल खेमका का मर्डर शूटर उमेश यादव से विजय सहनी ने ही कराया है, इसकी चर्चा है. हालांकि पुलिस इस हत्याकांड से जुड़ी हर एक बात का खुलासा करेगी. जानकारी मिली है कि शूटर उमेश यादव की निशानदेही पर विजय सहनी को पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है.

कौन है कुख्यात विजय सहनी

कुख्यात विजय सहनी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाने में वर्ष 2021 में हुए ऑटो चालक हत्याकांड का भी आरोपी रहा है.हाजीपुर में भी इसपर केस दर्ज किए गए हैं. हालांकि पुलिस इसकी जांच कर रही है कि गोपाल खेमका की हत्या करने के लिए विजय सहनी को सुपारी किसने दी थी. बिहार के डीजीपी ने सोमवार को कहा कि पुलिस इस हत्याकांड के खुलासे के बेहद करीब पहुंच चुकी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >