पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Police: राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से रविवार को जक्कनपुर थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च निकाला.
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मीठापुर सब्जी मंडी, करबिगहिया, बंगाली टोला, धुरंधरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर
फ्लैग मार्च का नेतृत्व कर रहे डीएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, असामाजिक तत्वों और उपद्रवी गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस की लगातार नजर है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई गश्ती
डीएसपी ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है. फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना, अफवाहों पर रोक लगाना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी जक्कनपुर थाना क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे.
लोगों से अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से बातचीत कर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की.
साथ ही कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. आम नागरिकों के सहयोग से ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सकता है.
सुरक्षा व्यवस्था से लोगों में बढ़ा भरोसा
फ्लैग मार्च के दौरान जक्कनपुर थाना पुलिस, सशस्त्र बल के जवान और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
पूरे इलाके में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का एहसास देखने को मिला. पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे.
ALSO READ: पटना के राजेंद्र नगर रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में लगी आग, 15 दमकल गाड़ियों ने 6 घंटे में पाया काबू
