Patna Phd. Holders Protest Live: लोकभवन घेराव के लिए सड़क पर उतरे PhD होल्डर्स, सरकार के खिलाफ लगा रहे नारे

सड़क पर बैठे छात्र
पटना में Phd डिग्री धारकों ने शिक्षा और रोज़गार की मांगों को लेकर लोकभवन का घेराव किया. 19 दिनों से जारी आंदोलन अब और तेज हो गया है, जिसमें हज़ारों छात्र सड़क पर उतरे हैं.
सिटी SP ममता कल्याणी का बयान
Phd होल्डर्स के प्रदर्शन को लेकर सिटी SP ममता कल्याणी ने कहा कि आंदोलनकारियों से बातचीत के लिए एक डेलिगेशन गया हुआ है और बातचीत चल रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त हो जाएगा.
सिटी SP ने कहा कि पुलिस पूरी तरह से तैयार है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और किसी भी तरह का उग्र प्रदर्शन सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए पूरी तैयारी की गई है.
लंबे समय से संघर्ष कर रहे छात्रों की आवाज बनकर लड़ रहे कुमुद पटेल
कुमुद पटेल ने बताया है कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि वे उन सभी छात्रों के लिए लड़ रहे हैं, जो लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं है. लंबे अनशन के बावजूद आंदोलन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होना उनके हौसले को दिखाता है. प्रदर्शनकारियों ने उन्हें बिहार का 'सोनम वांगचुक' बताते हुए सरकार से उनकी मांगों पर जल्द ध्यान देने की अपील की है.
सड़क पर छात्रों ने लिखीं अपनी मांगें
छात्रों के आंदोलन का अलग अंदाज देखने को मिला. प्रदर्शनकारी छात्रों ने सड़क पर पेंटिंग बनाकर अपनी मांगों को लिखा. रंगों के जरिए छात्रों ने सरकार तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की. आंदोलन स्थल पर सड़क पर बनाई गई ये पेंटिंग लोगों का ध्यान खींच रही है.
बिहार के 'सोनम वांगचुक' कुमुद पटेल का आंदोलन में दिखा जुनून
19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे Phd. होल्डर कुमुद पटेल भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन में डटे हुए हैं. लंबे समय तक अनशन के चलते उनका वजन करीब 12 किलो कम हो गया है और अब वे खुद चलने की स्थिति में नहीं हैं. व्हीलचेयर के सहारे वह आर ब्लॉक पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए.
बैरिकेडिंग पर चढ़े Phd. होल्डर्स, पुलिस से टकराव
लोकभवन मार्च के दौरान बैरिकेड पर चढ़े Phd होल्डर्स. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है. अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस रोक रही है, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया है.
नेत्रहीन विद्यानंद का हौसला देख हर कोई रह गया हैरान
Phd होल्डर्स के लोकभवन मार्च में नालंदा के विद्यानंद पासवान भी शामिल हुए. नेत्रहीन होने के बावजूद उनका हौसला और आंदोलन के प्रति जुनून लोगों का ध्यान खींच रहा है. पटना यूनिवर्सिटी से Phd कर चुके विद्यानंद साथियों के सहारे मार्च में आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर वे आखिरी दम तक लड़ेंगे. विद्यानंद ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मांगें नहीं मानी गयीं तो वे बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने तिरंगे का हवाला देते हुए कहा कि वे तिरंगे के नीचे खड़े हैं और देश के लिए बलिदान का जज्बा रखते हैं.
गुलाब लेकर उतरे छात्र
सरकार के खिलाफ गुलाब लेकर लोक भवन का घेराव करने निकले Phd होल्डर्स. आंदोलनकारियों ने कहा, मांगें पूरी होने की उम्मीद के साथ सरकार तक अपनी बात पहुंचाने जा रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान हाथों में गुलाब और मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर छात्र आगे बढ़ रहे है.
स्नातक एमएलसी चुनाव में देंगे जवाबा
लोक भवन मार्च से पहले सड़क पर बैठे PhD होल्डर्स ने सरकार को चेतावनी दी है. आंदोलनकारियों ने कहा कि इसी साल नवंबर में होने वाले स्नातक एमएलसी चुनाव में हम ही लोग वोट देते हैं. उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि इस बार अपनी मांगों की अनदेखी का जवाब चुनाव में दिया जाएगा. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं हुई है.
बिहार में शिक्षा और रोजगार से जुड़ी मांगों को लेकर छात्रों और शोधार्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर पिछले 19 दिनों से छात्र आमरण अनशन पर बैठे हैं. आज PhD होल्डर्स अपनी मांगों को लेकर लोकभवन का घेराव करने वाले है. बड़ी संख्या में छात्र आर ब्लॉक स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क से अपना मार्च शुरू कर चुके है. आंदोलनकारियों का दावा है कि करीब 26 हजार PhD होल्डर्स और रिसर्च स्कॉलर्स इस आंदोलन में शामिल होंगे. ऐसे में पटना में आज छात्रों के इस प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था भी चुनौती बनी हुई है.