पटना से प्रमोद झा की रिपोर्ट
Patna News: मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत जिले की सभी पंचायतों में सोलर लाइट लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है. पंचायतों के वार्डों में बची हुई सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की जिम्मेदारी केएलके वेंचर एजेंसी को सौंपी गई है. एजेंसी लाइट लगाने के साथ-साथ अगले पांच वर्षों तक उसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभाएगी.
41.74 करोड़ रुपये होंगे खर्च
सूत्रों के अनुसार पंचायतों में शेष सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने पर करीब 41.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. यह राशि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर रोशनी और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से खर्च की जा रही है.
जिले की 309 पंचायतों में लगनी हैं लाइटें
जिले की सभी 309 पंचायतों के प्रत्येक वार्ड में 10-10 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले में कुल 44,560 सोलर लाइट लगनी हैं.
30 हजार से अधिक सोलर लाइट लगाने का काम पूरा
योजना के तहत अब तक 30,873 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा किया जा चुका है. जबकि 13,687 सोलर स्ट्रीट लाइट अभी लगनी बाकी हैं. शेष लाइटों की स्थापना का कार्य अब तेजी से कराया जा रहा है ताकि सभी पंचायतों को इसका लाभ मिल सके.
एजेंसी करेगी पांच वर्षों तक मेंटेनेंस
नए आदेश के अनुसार जिस एजेंसी को सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य सौंपा गया है, वही एजेंसी अगले पांच वर्षों तक उनका रखरखाव भी करेगी. इससे खराब होने वाली लाइटों की मरम्मत और नियमित देखभाल में आसानी होगी.
पहले लगी सोलर लाइटों का भी होगा रखरखाव
जिले में पहले चरण में लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइटों का मेंटेनेंस भी संबंधित एजेंसियों द्वारा किया जाएगा. पहले चार अलग-अलग एजेंसियों ने पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम किया था. अब वे एजेंसियां अपने-अपने कार्यक्षेत्र में रखरखाव की जिम्मेदारी निभाएंगी.
ग्रामीण विकास और सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा
सोलर स्ट्रीट लाइट लगने से ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय आवागमन सुरक्षित होगा. साथ ही बिजली पर निर्भरता कम होगी और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा. इससे गांवों के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी.
ALSO READ: दहेज-मुक्त विवाह का महाकुंभ, 51 जोड़े बने जीवनसाथी, वैदिक मंत्रों से गूंजा श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल
