पटना: गांजा बेचने और पिलाने का विरोध करना पड़ा भारी, महिला से मारपीट कर घर से निकाला

मसौढ़ी में घर में गांजा बेचने का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया. आरोप है कि पति और ससुर ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और घर से निकाल दिया. महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.

Patna News : मसौढ़ी में घर में गांजा बेचने और बाहर से आने वाले लोगों को गांजा पिलाने का विरोध करना एक महिला को महंगा पड़ गया. मसौढ़ी थाना क्षेत्र के बैरीचक गांव में चार बच्चों की मां ने अपने पति, ससुर और ससुराल के अन्य लोगों पर बेरहमी से मारपीट करने, गला दबाने और बाल खींचकर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है. घटना के बाद महिला अपने चारों बच्चों को लेकर मायके चली गयी. इसके बाद परिजनों के साथ मसौढ़ी थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगायी.

गांजा बिक्री का विरोध करने पर मारपीट का आरोप

बैरीचक निवासी सिकंदर यादव उर्फ बभना की पत्नी अनीता कुमारी (30) ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि उसकी शादी वर्ष 2015 में हुई थी. महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती रही है.

अनीता ने आरोप लगाया है कि उसके घर में गांजा की बिक्री की जाती है और बाहर से आने वाले लोगों को गांजा पिलाया जाता है. वह लगातार इसका विरोध करती थी.

गला दबाने और बाल खींचकर घर से निकालने का आरोप

महिला के अनुसार, बीते शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे गांजा बेचने और पिलाने का विरोध करने पर पति सिकंदर यादव, ससुर कृष्णा यादव समेत ससुराल के अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी.

आरोप है कि इस दौरान उसका गला दबाया गया और बाल खींचकर घर से बाहर निकालने का प्रयास किया गया. मां को बचाने पहुंचे बच्चों के साथ भी धक्का-मुक्की किये जाने का आरोप महिला ने लगाया है.

बच्चों को लेकर मायके पहुंची महिला

घटना के बाद अनीता अपने चारों बच्चों को लेकर नवादा जिले के अकबरपुर स्थित मायके चली गयी. बाद में परिजनों के साथ मसौढ़ी थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी.

गांजा बिक्री के आरोप की भी जांच

पुलिस ने महिला के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. महिला द्वारा लगाये गये मारपीट के आरोपों के साथ ही घर में गांजा बेचने और लोगों को गांजा पिलाने के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >