पटना में खुले नाले बने मौत का गड्ढा, हर कदम पर हादसे का खतरा, लोगों के फंसने और गिरने की बढ़ी घटनाएं

Patna News: दानापुर नगर परिषद क्षेत्र में खुले नाले और टूटे ढक्कनों के कारण लोगों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है. वार्ड 11 के खरजा रोड स्थित डाक बाबा मंदिर गली में खुले नालों से लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है.

Patna News: (संजय कुमार की रिपोर्ट)
दानापुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 11 स्थित खरजा रोड की डाक बाबा मंदिर गली में आधा दर्जन से अधिक नाले बिना ढक्कन के खुले पड़े हैं. इससे स्थानीय लोगों में लगातार दुर्घटना का भय बना हुआ है.

लोगों को हो रही परेशानी

स्थानीय निवासियों का कहना है कि खुले नाले के किनारे चलना जोखिम भरा हो गया है. बच्चों और बुजुर्गों के गिरने की आशंका हमेशा बनी रहती है. कई लोगों ने अपने घर के सामने निजी खर्च से नाले पर स्लैब बनवाया है.

दोपहिया वाहन चालक हो रहे हादसे का शिकार

खुले नाले के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फंसकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. कई बार जानवर भी नालों में गिर चुके हैं. इसके बावजूद मरम्मत कार्य नहीं किया जा रहा है.

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग केवल हादसे के बाद ही कार्रवाई करता है. कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. लोगों का कहना है कि प्रशासन गंभीर नहीं है.

बरसात में बढ़ सकता है खतरा

लोगों का कहना है कि अगर समय रहते नालों की मरम्मत नहीं की गई तो बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. तेज पानी के बहाव से नाले और अधिक क्षतिग्रस्त हो सकते हैं.

परिषद के 40 वार्डों में भी समस्या

जानकारी के अनुसार नगर परिषद के लगभग 40 वार्डों में खुले नाले और टूटे ढक्कन की समस्या बनी हुई है. इससे पूरे क्षेत्र में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर प्रबंधक फील्ड में केवल औपचारिकता निभा रहे हैं, जबकि जमीनी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है. परिषद के कामकाज को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

ईओ का बयान

इस मामले में ईओ सह प्रशासक पंकज कुमार ने कहा कि टूटे हुए नालों के ढक्कन जल्द ही लगाए जाएंगे ताकि लोगों को किसी प्रकार की दुर्घटना से बचाया जा सके.

ALSO READ: पटना में विकास की बड़ी सौगात, 48 लाख की लागत से चमकेगा एमईएस पुल, बनेगा भव्य सद्भावना चौक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Karuna Tiwari

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >