विभास्कर ने रचा इतिहास, सौ मीटर दौड़ में चौथा स्थान हासिल करने वाले बिहार के पहले एथलीट बने

Patna News: रांची में आयोजित 29वीं सीनियर नेशनल एथलेटिक्स फेडरेशन कॉम्पिटिशन 2026 में बिहार के विभास्कर कुमार ने इतिहास रचते हुए पुरुष 100 मीटर दौड़ में चौथा स्थान हासिल किया. वह नेशनल सीनियर कैटेगरी के 100 मीटर फाइनल में पहुंचने वाले बिहार के पहले एथलीट बने. विभास्कर 10.39 सेकंड का समय निकालकर महज 0.10 सेकंड से कांस्य पदक से चूक गए. वहीं, बिहार के युवा धावक सेतु मिश्रा ने 400 मीटर दौड़ के फाइनल में छठा स्थान हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया.

Patna News (धर्मनाथ प्रसाद): बिहार के एथलेटिक्स इतिहास में 23 मई 2026 का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया. रांची में आयोजित 29वीं सीनियर नेशनल एथलेटिक्स फेडरेशन कॉम्पिटिशन 2026 के सबसे चर्चित पुरुष 100 मीटर दौड़ में बिहार के विभास्कर कुमार ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया.

विभास्कर बिहार के पहले ऐसे एथलीट बन गए हैं जिन्होंने सीनियर नेशनल कैटेगरी की 100 मीटर दौड़ के फाइनल में जगह बनाई. उन्होंने 10.39 सेकंड का शानदार समय निकालते हुए देशभर में चौथा स्थान हासिल किया. हालांकि वह महज 0.10 सेकंड के अंतर से कांस्य पदक जीतने से चूक गए.

गुरिंदरवीर सिंह बने चैंपियन

इस हाई प्रोफाइल मुकाबले में रिलायंस के गुरिंदरवीर सिंह ने 10.09 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया. ओडिशा के अनिमेष कुजूर 10.20 सेकंड के साथ दूसरे और रिलायंस के प्रणव प्रमोद 10.29 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे.

एशियन चैंपियनशिप के लिए किया क्वालिफाई

विभास्कर के इस दमदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अंडर-23 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 4×100 मीटर रिले और 100 मीटर दौड़ के लिए भी हो गया है. इसे बिहार एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.


400 मीटर दौड़ में सेतु मिश्रा ने भी दिखाया दम

विभास्कर कुमार के साथ-साथ बिहार के एक और युवा धावक सेतु मिश्रा ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया. सीनियर मेंस कैटेगरी की 400 मीटर दौड़ के फाइनल में सेतु ने छठा स्थान हासिल किया. खास बात यह रही कि फाइनल में शामिल धावकों में सेतु सबसे कम उम्र के खिलाड़ी थे.

खेल अधिकारियों ने दी बधाई

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण, बिहार एथलेटिक्स संघ के सचिव लियाकल अली, उपाध्यक्ष यशवंत सिंह और मो हारून अंसारी ने विभास्कर कुमार और सेतु मिश्रा को बधाई दी.

रवींद्रण शंकरण ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने बिहार का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार एथलेटिक्स के क्षेत्र में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा.

ALSO READ: बिहार में मौसम का डबल अटैक, कहीं हीट वेव तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, जानिए आपके जिले का हाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Karuna Tiwari

करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >