पटना से हिमांशु देव की रिपोर्ट
Patna News: राजधानी पटना के तीन होनहार रंगकर्मियों ने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) में चयन पाकर शहर और बिहार का नाम रोशन किया है. लगातार मेहनत और कठिन चयन प्रक्रिया को पार करते हुए अपराजिता कुमारी, सैंटी कुमार और सौरभ सागर ने यह बड़ी उपलब्धि कला के क्षेत्र में हासिल की है.
अपराजिता कुमारी की मेहनत लाई रंग
पश्चिमी लोहानीपुर की अपराजिता कुमारी ने असफलताओं के बावजूद हार नहीं मानी. पिछले प्रयास में अंतिम दौर तक पहुंचने के बाद भी चयन नहीं हुआ था, लेकिन इस बार उन्होंने एनएसडी सिक्किम केंद्र में जगह बना ली. उनके प्रदर्शन को चयन प्रक्रिया में सबसे बेहतर माना गया.
सैंटी कुमार ने दिल्ली एनएसडी में बनाई जगह
किलकारी बिहार बाल भवन से थिएटर की शुरुआत करने वाले सैंटी कुमार ने एनएसडी नई दिल्ली में चयन पाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनके पिता ग्रिल की दुकान चलाते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं. सैंटी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुओं और माता-पिता को दिया है.
सौरभ सागर ने इंजीनियरिंग छोड़ चुनी कला की राह
बहादुरपुर के सौरभ सागर ने इंजीनियरिंग छोड़कर रंगमंच को अपना करियर बनाया. लगातार पांच प्रयासों के बाद उन्हें एनएसडी सिक्किम में चयन मिला. उन्होंने कहा कि वे कला के माध्यम से समाज को संदेश देना चाहते हैं और नई दिशा में काम करना चाहते हैं.
बिहार का बढ़ा गौरव, कला जगत में नई पहचान
तीनों कलाकारों की सफलता से बिहार के कला जगत में खुशी की लहर है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में राज्य के युवा कलाकारों को प्रेरित करेगी और रंगमंच को नई दिशा देगी.
ALSO READ: पटना मेट्रो: जू से इनकम टैक्स तक 40 की जगह सिर्फ 7 मीटर में चलेंगे वाहन, बढ़ेगी सड़क की चौड़ाई
