Patna News : (शुभम कुमार) शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए जानलेवा हमले के आरोपी मनीष यादव को गिरफ्तार कर लिया. मनीष पर प्रेम-प्रसंग और शादी के दबाव से नाराज होकर एक छात्रा पर चाकू से हमला करने का आरोप है. घटना के बाद से वह फरार चल रहा था. पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया.
IGIMS में कंप्यूटर ऑपरेटर था आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार यादव आईजीआईएमएस के जनरल सर्जरी वार्ड में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था. वह राजाबाजार की मछली गली में साईं मंदिर के पास किराए के मकान में रहता था. पीड़िता मूल रूप से जमुई जिले की रहने वाली है और पटना के नाला रोड स्थित दिनकर गोलंबर के पास गर्ल्स हॉस्टल में रहकर एसएससी की तैयारी कर रही है. दोनों के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था.
बातचीत के बहाने बुलाकर हमला किया
पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे शादी का झांसा देता रहा। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. बुधवार रात आरोपी ने बातचीत के बहाने छात्रा को अपने किराए के कमरे पर बुलाया, जहां बहस के दौरान उसने गुस्से में चाकू से हमला कर दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया.
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग
घटना के बाद छात्रा की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. भीड़ जुटते देख आरोपी मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को आईजीआईएमएस के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई और बाद में उसे छुट्टी दे दी गई.
पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पीड़िता ने शास्त्रीनगर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है.
Also Read: पटना में बीच सड़क पर युवक को चाकू मारता रहा बदमाश, युवती चीखती रही और लोग देखते रहे तमाशा
