Patna News (अजीत कुमार की रिपोर्ट)
पटना जिले के फुलवारी शरीफ प्रखंड अंतर्गत मंझौली मुसहरी में रविवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. मृतक के परिजनों ने अवैध शराब बनाने और बेचने वाले लोगों पर गर्म पानी डालकर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
शराब पीने गया था युवक, विवाद के बाद हत्या का आरोप
मृतक की पहचान मंझौली गांव निवासी प्रदीप राम के 45 वर्षीय पुत्र टोनी राम के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार टोनी राम रविवार को मंझौली मुसहरी में शराब पीने गया था. इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों से उसका विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और फिर उसके शरीर पर गर्म पानी डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.
परिजनों ने महिलाओं समेत कई लोगों पर लगाए आरोप
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया. परिजनों के मुताबिक शराब के नशे में होने के कारण टोनी राम न तो विरोध कर सका और न ही वहां से भाग पाया. उनका दावा है कि उसके शरीर पर जलने के स्पष्ट निशान थे और गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौत हो गई.
शव उठाने से रोका, गिरफ्तारी की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जुट गए. आक्रोशित लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया और काफी देर तक शव को घटनास्थल से उठाने नहीं दिया. बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर लोग शांत हुए, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है. पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
फिर चर्चा में आया अवैध शराब का कारोबार
घटना के बाद इलाके में अवैध शराब निर्माण और बिक्री का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुसहरी क्षेत्र में लंबे समय से शराब बनाने और बेचने का अवैध कारोबार चल रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस धंधे पर सख्त कार्रवाई करने और मामले में दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
Also Read: बार-बार बुलाने पर भी नहीं आया खान सर का स्टाफ, पटना पुलिस ने कोचिंग पर चिपकाया नोटिस
